मुंबई: कुंभ की ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा की चर्चित फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ अपनी रिलीज से पहले ही कानूनी पचड़ों में फंस गई है। फिल्म के कंटेंट और हाल ही में जारी हुए टीजर को लेकर मुंबई के डीएन नगर थाने में निर्देशक सनोज मिश्रा के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
यह शिकायत महाराष्ट्र स्टेट ग्लोबल क्रिश्चियन एक्शन कमेटी (विमेन) की अध्यक्ष चंदर कला सिंह ने की है। आरोप है कि फिल्म में ईसाई धर्म और उनकी धार्मिक आस्थाओं को गलत तरीके से पेश किया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि फिल्म के कुछ दृश्य और संवाद न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि समुदायों के बीच नफरत फैलाने का काम भी कर सकते हैं।
शिकायत में फिल्म के टीजर को यूट्यूब से तुरंत हटाने की मांग की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, निर्देशक सनोज मिश्रा ने इन आरोपों को सिरे से नकारते हुए इसे अपने विरोधियों की सोची-समझी साजिश बताया है। मिश्रा का कहना है कि वे कानून का सम्मान करते हैं और अपनी लीगल टीम के जरिए इस शिकायत का मुंहतोड़ जवाब देंगे। अब देखना यह होगा कि इस विवाद के बीच फिल्म का भविष्य क्या मोड़ लेता है।
-अनिल बेदाग/ up18news

