मुंबई (अनिल बेदाग): भारतीय थिएटर की सीमाओं को लांघते हुए अभिनेत्री रश्मि देसाई अब वैश्विक मंच पर अपनी कला का परचम लहराने के लिए तैयार हैं। भारत में अपार सफलता और प्रशंसा बटोरने के बाद, रश्मि देसाई का चर्चित गुजराती नाटक अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी नई पारी शुरू करने जा रहा है। 100 से अधिक हाउसफुल शो का रिकॉर्ड बनाने वाला यह प्रोडक्शन अब सीधे अमेरिका के प्रमुख शहरों—बोस्टन, न्यू जर्सी और अटलांटा के थिएटर प्रेमियों का दिल जीतने पहुंचेगा।
आसिफ पटेल द्वारा निर्मित इस नाटक की सफलता की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है। शुरुआत में इस नाटक के लिए केवल 20 शो की योजना बनाई गई थी, लेकिन दर्शकों की भारी मांग और जबरदस्त रिस्पॉन्स ने इसे एक ‘सेंसेशन’ बना दिया। अपनी रूह को छू लेने वाली भावनात्मक कहानी, धारदार पटकथा और कलाकारों के जीवंत अभिनय के दम पर इस नाटक ने हर आयु वर्ग के दर्शकों के बीच एक खास जगह बना ली है।
अपनी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए रश्मि देसाई कहती हैं, “गुजराती थिएटर को सात समंदर पार ले जाना मेरे लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। हमें जो निस्वार्थ प्यार मिला है, वह अद्भुत है। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद न तो मेरा उत्साह कम हुआ और न ही दर्शकों का लगाव; बल्कि इस सफर ने हमारे रिश्ते को और भी गहरा किया है। साल 2026 मेरे करियर में नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है और मैं इस ग्लोबल टूर को लेकर बेहद उत्साहित हूं।”
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते इन कदमों के साथ, यह थिएटर प्रोडक्शन अब महज़ एक नाटक नहीं रहा, बल्कि यह वैश्विक मंच पर भारतीय संस्कृति और हमारी समृद्ध कहानी कहने की परंपरा का गौरवशाली प्रतिनिधित्व कर रहा है। रश्मि देसाई की यह थिएटर यात्रा साबित करती है कि यदि कहानी दमदार हो, तो उसे सरहदों में नहीं बांधा जा सकता।

