रैपर ‘शुभ’ ने दिखाई इंदिरा गांधी हत्याकांड से जुड़ी हुडी, कंगना ने लिया आड़े हाथ

Entertainment

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे शुभ के वीडियो को रीट्वीट करते हुए, कंगना रनौत ने भी भड़ास निकाली। एक्ट्रेस ने शुभ की आलोचना करते हुए लिखा- ”उन लोगों द्वारा एक बूढ़ी महिला की कायरतापूर्ण हत्या का जश्न मनाया जा रहा है, जिन्हें उसने अपना रक्षक बनाया था। जब आप पर सुरक्षा का भरोसा किया गया, लेकिन आपने उस भरोसे और विश्वास का फायदा उठाया और उसी हथियार से उन्हें मार दिया जिससे उनकी हिफाजत करनी थी। यह बहादुरी का नहीं बल्कि कायरता से भरा शर्मनाक काम था।’

उन्होंने आगे लिखा- ‘इस तरह के कायरतापूर्ण हमले पर शर्म आनी चाहिए। एक महिला जो लोकतंत्र की चुनी हुई नेता थीं। इसमें महिमामंडन करने के लिए कुछ भी नहीं है शुभ जी। शर्म आनी चाहिए आपको।’

जानिए आखिर मसला क्या है

सोशल मीडिया पर पंजाबी सिंगर शुभ का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वह लाइव कॉन्सर्ट में परफॉर्म करते दिख रहे हैं। इस दौरान वह अपनी हुडी को लहराते हैं। इसमें कथिततौर पर इंदिरा गांधी की हत्या की तारीख लिखी हुई थी। साथ ही पंजाब का नक्शा बनाया हुआ था।

शुभ ने नहीं किया है अभी तक रिएक्ट

अभी तक इस मामले में न तो सिंगर की ओर से टिप्पणी आई है न ही उन्होंने सफाई दी है कि आखिर उनके कपड़ों में वास्तव में क्या लिखा था। इतना ही नहीं, शुभ पर खालिस्तानियों को सपोर्ट करने समेत कई गंभीर आरोप भी लगाए जा रहे हैं।

कौन हैं शुभ, जिसे लेकर मचा है बवाल

म्यूजिक इंडस्ट्री के उभरते सिंगर के तौर पर शुभ अपनी जगह पक्की कर रहा है। एक वक्त था वह पंजाबी इंडस्ट्री का हिस्सा था, आजकल वह कनाडा में रहने लगा है और अपना करियर संवार रहा है। उसे वी रोलिंग से फेम मिला था।

Compiled: up18 News