नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की वैश्विक मंचों पर गर्मजोशी और सोशल मीडिया पर चर्चित शब्द ‘मेलोडी’ (Melodi) एक बार फिर सुर्खियों में है। इटली दौरे के दौरान पीएम मोदी द्वारा जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी टॉफी’ उपहार में दिए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस हल्के-फुल्के पल पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए इसे ‘नौटंकी’ करार दिया है।
किसान-युवा रो रहे और पीएम रील बना रहे: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “आर्थिक तूफान सर पर है और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं। देश के किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी सब परेशान हैं, रो रहे हैं; और वहीं पीएम हंसकर रील बना रहे हैं और बीजेपी वाले ताली बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।”
कैसे शुरू हुआ ‘मेलोडी’ का यह नया चैप्टर?
दरअसल, इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह मुस्कुराते हुए कहती नजर आ रही हैं कि प्रधानमंत्री मोदी उनके लिए एक बहुत ही अच्छी टॉफी ‘मेलोडी’ लेकर आए हैं। वीडियो में पीएम मोदी भी मेलोनी की बात पर हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। मेलोनी ने वीडियो के साथ लिखा, “उपहार के लिए धन्यवाद।”
बता दें कि दोनों नेताओं के नामों को जोड़कर बना यह ‘मेलोडी’ हैशटैग पहली बार वर्ष 2023 में दुबई के कॉप-28 (COP-28) सम्मेलन के दौरान खुद जॉर्जिया मेलोनी ने गढ़ा था, जो तब से इंटरनेट पर बेहद लोकप्रिय है।
द्विपक्षीय दौरों से मजबूत हो रहे रिश्ते
पीएम मोदी 15 से 20 मई तक संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की अपनी पांच देशों की राजकीय यात्रा के अंतिम चरण में मंगलवार को रोम पहुंचे हैं। इस दौरे पर दोनों नेताओं के बीच व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक तकनीक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर गहन चर्चा होनी है।
दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने भारतीय और इतालवी मीडिया के लिए लिखे एक संयुक्त लेख में कहा कि भारत और इटली के संबंध अब एक निर्णायक मोड़ पर हैं, जो महज सौहार्दपूर्ण मित्रता से आगे बढ़कर विशेष रणनीतिक साझेदारी (Special Strategic Partnership) में बदल चुके हैं।


