नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशभर में छात्रों पर हो रही कथित पुलिस कार्रवाई और हमलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया है। राहुल गांधी ने सोमवार को केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को देश के छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आज का पूरा सिस्टम ही युवाओं के लिए ‘जानलेवा’ बन चुका है।
बिहार प्रदर्शन का हवाला देकर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने बिहार में छात्रों के प्रदर्शन से जुड़ी एक खबर का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि छात्रों के खिलाफ ”पूरा का पूरा सिस्टम ही जानलेवा” है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर एके-47 से गोली चलाए जाने और सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की खबरें आ रही हैं।
‘छात्रों पर नहीं, हमलावरों पर हो कार्रवाई’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया, ”कहां गया आपका वादा कि छात्रों पर कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाएगी और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा?” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इसके विपरीत छात्रों पर घातक हमले और ”बर्बरता” की जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों पर ‘पैलेट’ गन चलाई गई और बिहार में एके-47 का इस्तेमाल किया गया।
‘हर राज्य में दमन की एक जैसी नीति’
राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार या दिल्ली, हर जगह इसी तरह का कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ”झूठी” है और सुधार करना उसके बस की बात नहीं है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार अपनी बातों से मुकर जाएगी और हर तरीके से छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास करेगी। गांधी ने कहा, ”मोदी जी, देश के छात्रों से माफ़ी मांगिए और जिन्होंने छात्रों पर हमला किया है, उन्हें कुचला है, उनपर कार्रवाई कीजिए छात्रों पर नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।


