मुंबई। छोटे पर्दे और ग्लैमर की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकीं प्रियंका बजाज सिब्बल ने अब डिजिटल स्पेस में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अमेज़न प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज़ ‘अमर विश्वास’ के जरिए प्रियंका ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर एक बेहद दमदार और संजीदा शुरुआत की है।
राजीव खंडेलवाल और आमिर अली के बीच बनाई पहचान
शशांत शाह के कुशल निर्देशन और ‘जीसिम्स प्रोडक्शन’ के बैनर तले बनी इस सीरीज़ में प्रियंका, अभिनेता आमिर अली की पत्नी के किरदार में नज़र आ रही हैं। राजीव खंडेलवाल और आमिर अली जैसे मंझे हुए कलाकारों की मौजूदगी के बावजूद, प्रियंका ने अपनी ‘शांत इंटेंसिटी’ और इमोशनल गहराई से दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। उनका यह किरदार मानवीय संघर्ष, भीतर छिपी ताकत और संवेदनशीलता का एक बेहतरीन मेल है।
बहुआयामी व्यक्तित्व की धनी हैं प्रियंका
लोकप्रिय टीवी शो ‘अनुपमा’ में ‘कीर्ति’ के किरदार से घर-घर अपनी पहचान बनाने वाली प्रियंका का सफर काफी प्रेरणादायक रहा है। वह न केवल ‘मिसेज इंडिया’ का खिताब जीत चुकी हैं, बल्कि कान्स फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर वॉक करने वाली पहली ‘मिसेज इंडिया’ होने का गौरव भी उनके नाम है।
क्या कहती हैं प्रियंका?
अपने डिजिटल डेब्यू को लेकर उत्साहित प्रियंका बजाज सिब्बल का कहना है, “अमर विश्वास मेरे लिए सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि रचनात्मक रूप से खुद को साबित करने का एक बड़ा अवसर था। यह सीरीज साहस और मानवीय संवेदनाओं की एक गहरी कहानी है।” प्रियंका का यह कदम साबित करता है कि वह ग्लैमरस इमेज से इतर एक गंभीर और वर्सेटाइल अभिनेत्री के रूप में खुद को स्थापित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

