राजस्थान: जयपुर में प्रदर्शन कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर पुलिस का लाठीचार्ज, कई घायल, थाने के सामने भूख हड़ताल पर बैठे स्टूडेंट्स

Regional

जयपुर में आज प्रदर्शन कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ( ABVP )के कार्यकर्ताओं पर मंगलवार दोपहर को पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कार्यकर्ताओं की भीड़ राजस्थान विश्वविद्यालय का मेन गेट पार कर जेएलएन मार्ग पर आने की कोशिश कर रही थी। पुलिस ने पहले उन्हें रोकने का खूब प्रयास किया। कार्यकर्ता बेकाबू हो गए थे। कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने लाठी लेकर दौड़ाया। इससे गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पथराव कर दिया।

इस घटना में 6 कार्यकर्ताओं, तीन राहगीरों के साथ दो पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। किसी कार्यकर्ता का हाथ टूटा है तो किसी का सिर फूटा है। गांधीनगर थाने के सामने स्टूडेंट्स भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।

कार्यकर्ता दोपहर में बड़ी संख्या में राजस्थान विश्वविद्यालय कैंपस में विरोध मार्च निकालने पहुंचे थे। दोपहर करीब 3:00 बजे कार्यकर्ताओं ने जेएलएन मार्ग पर आने की कोशिश करने लगे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने यूनिवर्सिटी का मेन गेट बंद कर दिया। इससे नाराज होकर कार्यकर्ता गेट पर चढ़ गए। जबरन गेट से बाहर आने की कोशिश करने लगे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

लाठीचार्ज में एबीवीपी ( ABVP )के 6 कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। पथराव के दौरान तीन राहगीरों के साथ दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री हुशियार सिंह मीणा समेत एक दर्जन कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। फिलहाल बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजस्थान यूनिवर्सिटी के मेन गेट पर धरना देने लगे।

एबीवीपी ( ABVP )के राष्ट्रीय मंत्री हुशियार मीणा ने कहा- राजस्थान में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। महिला हिंसा, रेप की घटनाएं हर दिन अपने रिकॉर्ड तोड़ रही हैं। कांग्रेस सरकार के नेता अपराधियों को पकड़ने की जगह एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करा रहे हैं। सरकार बेवजह एबीवीपी को बदनाम कर रही है। जोधपुर गैंगरेप कांड में बेवजह एबीवीपी कार्यकर्ताओं का नाम लिया जा रहा है। हकीकत में एबीवीपी का किसी भी आरोपी से कोई संबंध नहीं है। चुनावी फायदा लेने के लिए पुलिस प्रशासन भी सरकार के दबाव में झूठे आरोप लगाने की कोशिश में जुटा हुआ है। इसका हम पुरजोर विरोध करते हैं।

Compiled: up18news