प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी और कहा कि उनका देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद को संभालना भारत के लिए ऐतिहासिक क्षण है, खासकर गरीबों, वंचितों और कमजोर वर्गों के लिए।
मोदी ने एक के बाद एक किए गए ट्वीट में कहा कि शपथ लेने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने भारत की उपलब्धियों पर जोर दिया और आगे के रास्ते को लेकर एक भविष्यवादी दृष्टिकोण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा, ‘‘पूरे देश ने आज गर्व से द्रौपदी मुर्मू को भारत के राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेते देखा। उनका पदभार ग्रहण करना भारत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, खासकर गरीबों, वंचितों और कमजोर वर्गों के लिए। मैं उन्हें उपयोगी राष्ट्रपति कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं।’
प्रधानमंत्री ने कहा कि शपथ लेने के बाद अपने संबोधन में द्रौपदी मुर्मू ने आशा और करुणा का संदेश दिया।
मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने भारत की उपलब्धियों पर जोर दिया और ऐसे समय में जब भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, तो उन्होंने आगे के रास्ते को लेकर एक भविष्यवादी दृष्टिकोण पेश किया।’’
द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को संसद के केंद्रीय कक्ष में देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। भारत के प्रधान न्यायाधीश एन. वी. रमण उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलायी।
मुर्मू ने शपथ ग्रहण समारोह से पहले राजघाट स्थित महात्मा गांधी के स्मारक पर सोमवार को सुबह पुष्पांजलि अर्पित की।
शपथ ग्रहण समारोह में जाने से पहले द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन पहुंचीं जहां निर्वतमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उनका स्वागत किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित केंद्र की सत्ताधारी पार्टी के कई नेताओं ने सोमवार को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को बहुत बधाई।
भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में देश नयी ऊंचाइयों को छुएगा और ‘‘न्यू इंडिया’’ और भी समृद्ध होगा।
मुर्मू ने भारत के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली है। प्रधान न्यायाधीश एनवी रमण ने उन्हें संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित एक समारोह में पद की शपथ दिलाई।
शाह ने एक ट्वीट में कहा, “भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर द्रौपदी मुर्मू को बहुत-बहुत बधाई। मुझे विश्वास है कि आपका कार्यकाल देश के गौरव को नई ऊंचाइयों पर ले जायेगा।”
उन्होंने कहा, “आज का यह ऐतिहासिक दिन लोकतांत्रिक मूल्यों पर चल रहे हर वर्ग के सशक्तिकरण और अंत्योदय का एक अप्रतिम उदाहरण है।”
राजनाथ सिंह ने मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन भारतीय गणराज्य के इतिहास में यादगार है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे भरोसा है कि उनके समृद्ध विधायी और प्रशासनिक अनुभव का लाभ देश को मिलेगा। उनके उपयोगी कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।’’
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि ‘‘जनता के राष्ट्रपति’’ के रूप में उनका पहला संबोधन ना सिर्फ इस ऐतिहासिक क्षण के महत्व को दर्शाता है बल्कि ‘न्यू इंडिया’ की भावना को भी परलिक्षित करता है।’’
केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि आज इतिहास रचा गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह हम सभी के लिए ऐतिहासिक क्षण है। मुझे विश्वास है कि उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व में न्यू इंडिया आगे और समृद्ध होगा।’’
-एजेंसी