आलू किसानों को बचाने की गुहार: आगरा कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन ने सरकार से मांगा 200 रुपये प्रति कुंतल अनुदान

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आलू की गिरती कीमतों ने किसानों और कोल्ड स्टोरेज संचालकों की चिंता बढ़ा दी है। इस संकट से निपटने के लिए फतेहाबाद रोड स्थित होटल अवनीश में ‘आगरा ग्रामीण कोल्ड स्टोरेज ऑनर्स एसोसिएशन’ की एक महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया कि किसानों को प्रति कुंतल 200 रुपये का सरकारी अनुदान दिलाया जाए, ताकि वे बर्बादी से बच सकें।

बंपर पैदावार बनी जी का जंजाल

एसोसिएशन के अध्यक्ष अवनीशकांत गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष आलू की रिकॉर्ड पैदावार हुई है, जिसके चलते मंडियों में कीमतें औंधे मुंह गिरी हैं। स्थिति यह है कि किसानों को उनकी उपज की लागत भी नहीं मिल पा रही, जिससे वे कोल्ड स्टोरेज से आलू निकालने में भी असमर्थता जता रहे हैं।

तीन मोर्चों पर संकट: निकासी, लागत और भुगतान

बैठक में संचालकों ने तीन प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा की:

निकासी: समय पर आलू की निकासी न होना कोल्ड स्टोरेज के लिए बड़ी समस्या है।

लागत: परिवहन खर्च में बढ़ोतरी और बाजार में मांग की कमी ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

भुगतान: बिक्री के बाद व्यापारियों द्वारा किसानों के भुगतान में देरी पर भी गंभीर चिंता जताई गई।

जल्द मुख्यमंत्री योगी से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

संगठन के सचिव जगदीश मित्तल ने जानकारी दी कि आलू उत्पादकों को राहत देने और बाजार में स्थिरता लाने के लिए संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा। मुख्य मांग आलू पर प्रति कुंतल 200 रुपये का अनुदान (सब्सिडी) सुनिश्चित करना है। इसके अलावा, व्यापारियों से अपील की गई है कि वे किसानों का बकाया भुगतान तत्काल करें।

​समन्वय से निकलेगा समाधान

बैठक के दौरान आगरा और ग्रामीण एसोसिएशन के अध्यक्षों क्रमशः भुवनेश अग्रवाल और अवनीशकांत गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। सभी वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि किसान, व्यापारी और संचालक आपसी समन्वय बनाकर ही इस आर्थिक संकट से बाहर निकल सकते हैं।

​प्रमुख उपस्थिति:

बैठक में उपाध्यक्ष कमलनयन फतेहपुरिया, सचिव अजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजीव कंसल, बच्चू सिंह जादौन, मनोज नम्बरदार, कुशलपाल सिंह, शिवकुमार त्यागी समेत बड़ी संख्या में कोल्ड स्टोरेज संचालक और व्यापारिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।