फतेहपुर सीकरी (आगरा): ऐतिहासिक नगरी फतेहपुर सीकरी के मोहल्ला कोटला में आयोजित खाटू नरेश की विशाल भजन संध्या से पूर्व रविवार को पूरा कस्बा श्याम भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। श्याम भक्तों द्वारा निकाली गई भव्य निशान यात्रा में उमड़े जनसैलाब और गूंजते जयकारों ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। बैंड-बाजों की मधुर धुनों पर थिरकते श्रद्धालुओं ने हाथों में श्याम बाबा के निशान (पवित्र ध्वज) लेकर अपनी अटूट श्रद्धा प्रकट की।
बड़ी बगीची मंदिर से हुआ भव्य आगाज़
निशान यात्रा का शुभारंभ कस्बे के प्रसिद्ध ‘बड़ी बगीची मंदिर’ से हुआ। यहाँ खाटू नरेश की नयनाभिराम सजीव झांकी की विधिवत आरती उतारी गई, जिसके बाद श्रद्धालु हाथों में रंग-बिरंगे निशान लेकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। भक्तों के उत्साह के आगे गर्मी भी फीकी नजर आई और “जय श्री श्याम” के नारों से गलियां गूंज उठीं।
प्रमुख मार्गों पर हुआ भव्य स्वागत
यह यात्रा कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर और जलपान की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया। “हारे का सहारा, खाटू श्याम हमारा” के उद्घोष के साथ श्याम प्रेमी भक्ति में लीन होकर झूमते-गाते चलते रहे।
भजन संध्या के साथ हुआ समापन
निशान यात्रा का समापन मोहल्ला कोटला स्थित मंदिर पर हुआ, जहाँ बाबा का भव्य दरबार सजाया गया। इसके पश्चात आयोजित भजन संध्या में गायकों ने श्याम बाबा के मधुर भजनों से भक्तों को भावविभोर कर दिया।
इनकी रही सक्रिय उपस्थिति
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में पारस मित्तल, श्यामसुंदर गोयल, निखिल गोयल, विवेक अग्रवाल, अमित सिंघानिया, हनी गोयल, नेहा गोयल, राधा गोयल, भोलू पेटीज, गौरव सोनू गोयल और अभिषेक सहित बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने अपनी सेवाएं दीं।

