मुंबई (अनिल बेदाग): भारतीय इतिहास के सबसे प्रतापी नायक, छत्रपति शिवाजी महाराज की गौरवशाली विरासत अब एक भव्य सिनेमाई अवतार में बड़े पर्दे पर उतरने को तैयार है। जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राजा शिवाजी’ का पहला टीज़र रिलीज़ कर दिया गया है। टीज़र के सामने आते ही सोशल मीडिया पर रोमांच का माहौल है और दर्शकों के बीच ‘स्वराज्य’ की इस प्रेरक गाथा को लेकर उत्सुकता चरम पर है।
अभिनय के साथ निर्देशन की कमान भी रितेश के हाथ
इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि रितेश विलासराव देशमुख न केवल छत्रपति शिवाजी महाराज की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, बल्कि उन्होंने खुद इस फिल्म के निर्देशन (Direction) की जिम्मेदारी भी संभाली है। टीज़र में एक ऐसे संकल्पित पुत्र की झलक मिलती है, जिसने अपनी वीरता और कूटनीति से इतिहास की दिशा बदल दी। इसमें भावनाओं, साहस और युद्ध कौशल का एक ऐसा सशक्त संगम है, जो सीधे दर्शकों के दिल को छूता है।
दिग्गज सितारों की फौज और शानदार संगीत
फिल्म की स्टारकास्ट किसी बड़े बॉलीवुड ब्लॉकबस्टर से कम नहीं है। इसमें संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन और बोमन ईरानी जैसे दिग्गज कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नज़र आएंगे। फिल्म के तकनीकी पक्ष को भी बेहद मजबूत रखा गया है।अजय-अतुल की जोड़ी ने अपनी धुन से फिल्म में जान फूंकी है। मशहूर सिनेमैटोग्राफर संतोष सिवन के कैमरा वर्क ने ऐतिहासिक दृश्यों को भव्यता प्रदान की है।
1 मई 2026 को रचेगी इतिहास
मराठी और हिंदी सहित कई भाषाओं में रिलीज़ होने वाली यह फिल्म मराठी सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय और पैन-इंडिया स्तर पर एक नई पहचान दिलाने का माद्दा रखती है। फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म समीक्षकों का मानना है कि रितेश देशमुख का यह विज़न भारतीय सिनेमा के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है।

