​Shatak Trailer: अजय देवगन की आवाज में गूंजेगी RSS की कहानी, ‘शतक’ का ट्रेलर हुआ रिलीज

Entertainment

मुंबई: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के गौरवशाली 100 वर्षों के सफर को पर्दे पर उतारने वाली फिल्म ‘शतक: संघ के 100 वर्ष’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। इस फिल्म को बॉलीवुड के ‘सिंघम’ यानी अजय देवगन ने अपनी प्रभावशाली आवाज दी है, जो ट्रेलर में देशभक्ति का गहरा संचार कर रही है।

​फिल्म का ट्रेलर संघ के शताब्दी वर्ष के त्याग, संघर्ष और ‘राष्ट्र-प्रथम’ के संकल्प को बखूबी दर्शाता है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक विचारधारा, जिसे कभी खत्म मान लिया गया था, हर पीढ़ी के साथ और अधिक सशक्त होकर उभरी। फिल्म मुख्य रूप से माधव सदाशिवराव गोलवलकर (गुरुजी) के विचारों और संघ की अटूट यात्रा पर आधारित है।

​इतिहास और गलतफहमियों पर प्रहार

यह फिल्म केवल इतिहास नहीं बताती, बल्कि संघ को लेकर समाज में व्याप्त गलतफहमियों और धारणाओं पर भी तथ्यात्मक चोट करती है। अजय देवगन ने इस प्रोजेक्ट से जुड़ने पर गर्व जताते हुए कहा, “संघ ने सेवा और सांस्कृतिक एकता में अहम भूमिका निभाई है। इस महान विचार की कहानी को अपनी आवाज देना मेरे लिए सम्मान की बात है।”

पैनोरमा के सहयोग से बनी इस फिल्म के निर्माता वीर कपूर और निर्देशक आशीष मल्ल हैं। यह फिल्म 20 फरवरी 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।