चंद्रयान-3 की सफलता पर तीसरे दिन दी पाकिस्‍तान ने भारत को बधाई

INTERNATIONAL

पाकिस्‍तान की चर्चित पत्रकार मरियाना बाबर के मुताबिक पाकिस्‍तान के विदेश मंत्रालय ने भारत को उसकी इस सफलता पर बधाई दी है। पाकिस्‍तान ने कहा, ‘भारत का चांद पर जाना एक बड़ी उपलब्धि है। हम भारत के वैज्ञानिकों को इस बड़ी सफलता को हासिल करने के लिए बधाई देते हैं।’ इससे पहले इमरान खान की सरकार में सूचना मंत्री रह चुके फवाद चौधरी ने भी भारत को चंद्रयान-3 की सफलता के लिए खुलकर बधाई दी थी। उन्‍होंने कहा था कि यह इसरो के लिए गौरव का क्षण है।

पाकिस्‍तानी जनता अपने देश का मजाक उड़ा रही

फवाद चौधरी ने ट्वीट करके कहा था, ‘इसरो के लिए यह कितना शानदार पल है क्‍योंकि चंद्रयान-3 चांद पर उतर गया है। मैं देख रहा हूं कि बड़ी तादाद में युवा वैज्ञानिक इसरो के चेयरमैन के साथ इस मौके पर जश्‍न मना रहे हैं। केवल युवा पीढ़ी जो सपनों से भरी हुई है, दुनिया को बदल सकती है। गुड लक।’ चंद्रयान-3 की सफलता के बाद जहां बड़ी तादाद में पाकिस्‍तान की जनता भारत को बधाई दे रही है, वहीं अपनी सरकार तथा सेना को कोस भी रही है। सोशल मीडिया में ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमें पाकिस्‍तानी अपने देश का मजाक उड़ा रहे हैं।

पाकिस्‍तान की विवादित टिकटॉकर हारिम शाह ने तो भारत के खिलाफ घटिया तंज कसा था। इसके बाद लोगों ने उन्‍हें करारा जवाब दिया था। दरअसल, भारत से पहले पाकिस्‍तान ने अपना अंतरिक्ष कार्यक्रम शुरू किया था लेकिन आज वह बर्बादी की कगार पर है। भारत में जहां इसरो का नेतृत्‍व वैज्ञानिक कर रहे हैं, वहीं पाकिस्‍तान में अंतरिक्ष कार्यक्रम की कमान सेना के जनरलों के हाथ में है। आज कंगाल पाकिस्‍तान के पास इतने पैसे नहीं है कि वह अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम को आगे बढ़ा सके और वैज्ञानिक शोध पर खर्च कर पाए।

Compiled: up18 News