आगरा में सपा प्रवक्ता के खिलाफ आक्रोश: राजकुमार भाटी के बयान पर भड़का ब्राह्मण समाज, बीच चौराहे फूंका पुतला

स्थानीय समाचार

​आगरा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा दिए गए एक विवादित बयान ने ताजनगरी में सियासी और सामाजिक पारा गरमा दिया है। इस कथित टिप्पणी से आक्रोशित ब्राह्मण समाज के युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने मंगलवार को आगरा के व्यस्त सेंट जॉन्स चौराहे पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। युवा नेता ललित शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सपा प्रवक्ता का पुतला दहन किया और उनके विरुद्ध मोर्चा खोल दिया।

​”सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश”

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने राजकुमार भाटी के बयान को समाज में वैमनस्य फैलाने वाला और अपमानजनक करार दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए किसी विशिष्ट समाज के सम्मान को ठेस पहुँचाना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ललित शर्मा ने तीखे लहजे में कहा कि जनता ऐसी बयानबाजी करने वालों को कभी माफ नहीं करेगी और यदि भाटी ने जल्द ही सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो यह आंदोलन पूरे ब्रज क्षेत्र में और भी व्यापक रूप धारण करेगा।

​प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग

हाथों में बैनर-तख्तियां लिए प्रदर्शनकारियों ने घंटों तक नारेबाजी की, जिससे चौराहे पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। समाज के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भावनाओं को आहत करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले नेताओं पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।

​इनकी रही मौजूदगी

इस विरोध प्रदर्शन में दीपविनायक पटेल, विनायक, उज्ज्वल चौहान, ध्रुव गुप्ता, अरुण तोमर, निशांत, परमवीर चौधरी, राघव, शिवम दुबे, कार्तिक, शुभम अग्रवाल, मनीष थापक, अवधेश शर्मा, उदय, विवेक भार्गव, आकाश पंडित, शुभम कश्यप, प्रशांत त्यागी, नवीन, मानव कुमार और अंकुर ठाकुर समेत बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के युवा एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।