आगरा: किसानों व संस्थाओं को मिले “जैविक इंडिया अवार्ड्स”

Press Release

आगरा। ताज होटल एंड कन्वेंशन सेंटर में टेफ्लाज व इंटरनेशनल कंपिटेन्स सेंटर फ़ॉर आर्गेनिक एग्रीकल्चर (आईसीसीओए) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को आयोजित ऑर्गेनिक फूड इंडिया कॉन्क्लेव 2022 के दौरान “जैविक इंडिया अवार्ड्स’ समारोह के तीसरे संस्करण का भव्य आयोजन हुआ। जैविक कृषि के क्षेत्र में विभिन्न व्यक्तियों व संस्थाओं के असाधारण योगदान को पहचान देने के उद्देश्य से “जैविक इंडिया अवार्ड्स” से सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में विशिष्ट अतिथियों बी सी पाटिल कृषि मंत्री, कर्नाटक व श्री गणेश जोशी कृषि मंत्री उत्तराखंड ने पुरस्कारों का वितरण किया।

उत्तर क्षेत्र में जैविक खेती का प्रथम पुरस्कार मध्य प्रदेश के श्री राहुल कुमार को व राजस्थान के ईश्वर चंद्र गौतम को दूसरा पुरस्कार प्रदान किया गया है। उत्तर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती का पुरस्कार जसवीर सिंह-उत्तराखंड को प्रदान किया गया। दक्षिण क्षेत्र में जैविक खेती का पहला पुरस्कार कर्नाटक के हनमंथ गुरुपाद हलाकी को व दूसरा पुरस्कार केरल के जोस जोसेफ को प्रदान किया गया।

दक्षिण क्षेत्र में प्राकृतिक खेती पुरस्कार आंध्र प्रदेश से अदिरेड्डी पल्ली पीकेवीवाई (बांदी ओबुलम्मा) को दिया गया। पूर्वी क्षेत्र में जैविक खेती का प्रथम पुरस्कार बिहार के नीतीश कुमार को व दूसरा पुरस्कार असम के अंजल लिम्बू को प्रदान किया गया। पूर्वी क्षेत्र में प्राकृतिक खेती का पुरस्कार पश्चिम बंगाल के सेरोजा लेप्चा को दिया गया। पश्चिम क्षेत्र में जैविक खेती का पहला पुरस्कार महाराष्ट्र की योगिता गजन्ना धुर्वे को व दूसरा पुरस्कार गुजरात के जिगर प्रवीणभाई देसाई को प्रदान किया गया। पश्चिम क्षेत्र में प्राकृतिक खेती का पुरस्कार महाराष्ट्र की सुनीता बलिराम को दिया गया।

इन पुरस्कारों के लिए सम्मान पत्र के साथ किसानों को प्रोत्साहन स्वरूप 50,000 रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया।