आगरा: मॉल में बिल्डर पर बरसाईं गोलियां, हालत गंभीर, एक आरोपी दबोचा

Regional

आगरा में गुरुवार दिनदहाड़े फिर सनसनी फैल गई। आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर एक मॉल में बिल्डर को गोली मार दी गई। सरे बाजार गोली चलने से सनसनी फैल गई। हमलावर फरार हो गए। घायल बिल्डर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वारदात गुरुवार शाम चार बजे की है। सेक्टर एक में बिल्डर राजीव गुप्ता बोदला स्थित एक मॉल में अपने कार्यालय पर किसी काम से गए थे। इसी बीच हमलावर वहां आए और उन्हें गोली मार दी। इससे बाजार में हड़कंप मच गया। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हमलावर फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है.

घायल कारोबारी राजीव गुप्ता

जानकारी के मुताबिक हमलावरों का बिल्डर राजीव गुप्ता से कुछ विवाद चल रहा है। बातचीत के दौरान हमलावरों ने उन्हें 3 गोली मारी है जिससे राजीव गुप्ता लहूलुहान होकर गिर पड़े। वहीं घटना की सूचना होने पर एसपी सिटी विकास कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बोदला पुलिस चौकी का फोर्स मौके पर पहुंच गया है।

कारोबारी राजीव गुप्ता को गोली मारने का आरोप मिठाई व्यवसायी पर

जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में सेक्टर 1 बोदला इलाके में कारोबारी राजीव गुप्ता को दिनदहाड़े गोली मारने के आरोपी को गिरफ्तार करने के मामले में आगरा पुलिस को सफलता मिल गई है। पुलिस ने भूमाफिया और मिठाई कारोबारी को किया गिरफ्तार।

मिठाई व्यवसायी को किया गिरफ्तार

प्रारंभिक तौर पर हुई जांच पड़ताल और मौके से गवाहों के बयान आने के बाद जानकारी में आया कि कारोबारी राजीव गुप्ता को उनके पार्टनर भूमाफिया और मिष्ठान व्यवसाई अशोक तोमर ने गोली मारी है। एसपी सिटी आगरा विकास कुमार के मुताबिक राजीव गुप्ता के हमले के आरोपी भूमाफिया और मिष्ठान व्यवसाई अशोक तोमर को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया गया है

असलहा किया गया बरामद

एसपी सिटी आगरा विकास कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच पड़ताल कर ली जा रही है। जिससे गोली मारी है वह असलहा बरामद हो गया है, साथ ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। कारोबारी राजीव गुप्ता और हमलावर अशोक तोमर के बीच जमीन को लेकर विवाद बताया जा रहा है।

एसपी सिटी आगरा विकास कुमार का कहना है कि पूर्व में भी मिष्ठान व्यवसाई और भूमाफिया अशोक तोमर की कई शिकायतें मिली हैं, जिसको लेकर पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। घायल पक्ष की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है और पुलिस वैधानिक कार्यवाही कर रही है।

कड़ी कार्रवाई की जाएगी: एसएसपी प्रभाकर चौधरी

इधर एसएसपी आगरा प्रभाकर चौधरी ने स्थानीय पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। खबर लिखे जाने तक कारोबारी राजीव गुप्ता का इलाज आगरा के जीवन ज्योति अस्पताल में चल रहा था और पुलिस टीमें लगातार कार्यवाही में जुटी हुई है।

पूर्व एसएसपी अमित पाठक ने कसा था शिकंजा

बोदला पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर स्थित तोमर स्वीट हाउस के नाम से चलने वाली दुकान पूर्व में भी विवादित रही है। कारोबारी राजीव गुप्ता के हमले का आरोपी अशोक तोमर इलाके का दबंग बताया जाता है जिस पर कई जमीन घेरने के आरोप हैं।

अवैध रूप से चलने वाले ऑटो स्टैंड के संचालक पर भूमाफिया अशोक तोमर का हाथ था

अशोक तोमर के साथ इनका परिवार के लोगों का इतिहास भी अच्छा नहीं है। पूर्व आईपीएस अमित पाठक ने आगरा जिले में चलने वाले अवैध तरीके से ऑटो संचालकों को धारा 384 यानी चौथ वसूली ने जेल भेजा था। बोदला चौकी से अवैध रूप से चलने वाले ऑटो स्टैंड के संचालक पर भूमाफिया अशोक तोमर का हाथ था। पूर्व एसएसपी अमित पाठक ने अशोक तोमर के खिलाफ भी कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए थे।

-up18news