बाबा रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री के बीच विवाद का पटाक्षेप: बातचीत के बाद मामला खत्म, योगगुरु बोले— आवेश में निकले कठोर शब्द

National

नई दिल्ली। योग गुरु स्वामी रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच बीते कुछ समय से चल रहे विवाद का मंगलवार को पटाक्षेप हो गया है। दोनों संतों ने आपसी बातचीत के उपरांत इस पूरे प्रकरण को समाप्त करने की घोषणा कर दी है। इस दौरान बाबा रामदेव ने स्वीकार किया कि आवेश में आकर उन्होंने कुछ अधिक कठोर शब्दों का प्रयोग कर लिया था, जबकि पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने स्वामी रामदेव को अपना बड़ा, वरिष्ठ, अभिभावक, संरक्षक और पूज्य बताया है।

​’संतों पर प्रतिक्रिया नहीं देता, रामदेव मेरे वरिष्ठ और अभिभावक’: धीरेंद्र शास्त्री

पूरे मामले पर अपनी बात रखते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वे संतों पर किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी रामदेव उनके वरिष्ठ हैं और उन्होंने सदैव उन पर स्नेह लुटाया है, इसलिए वे उन्हें अपना अभिभावक मानते हैं।

धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी बताया कि महज चार दिन पहले ही स्वामी रामदेव ने एक मंच से उनकी काफी प्रशंसा की थी। उन्होंने कहा कि वे जीवन में आलोचना और प्रशंसा दोनों को सहजता से स्वीकार करते हैं और संतों के प्रति उनके मन में किसी तरह के अनादर का भाव नहीं है।

​इस टिप्पणी से भड़का था विवाद

गौरतलब है कि दोनों संतों के बीच यह विवाद भगवान श्रीकृष्ण को लेकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की एक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था। उन्होंने भगवान श्रीराम से तुलना करते हुए भगवान श्रीकृष्ण को ‘टेढ़ा-मेढ़ा’ कह दिया था। इस बयान पर स्वामी रामदेव ने सार्वजनिक मंच से कड़ी नाराजगी जताते हुए धीरेंद्र शास्त्री को ‘ढोंगी’ तक कह दिया था, जिसके बाद दोनों पक्षों व समर्थकों के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई थी।

​सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर रामदेव ने दी जानकारी

​विवाद समाप्त होने की जानकारी देते हुए स्वामी रामदेव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। उन्होंने लिखा कि उनके अनुज प्रिय और पूज्य बागेश्वर बाबा से उनकी बातचीत हो चुकी है और अब सारा विवाद समाप्त हो गया है। बाबा रामदेव ने माना कि आवेश में उन्होंने कुछ ज्यादा कठोर शब्दों का इस्तेमाल कर लिया था।

उन्होंने इस विषय को दोनों के बीच का आपसी मामला बताते हुए अन्य लोगों को इसमें हस्तक्षेप न करने की सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके या बागेश्वर बाबा के भक्तों को एक-दूसरे के खिलाफ किसी भी तरह की गाली-गलौज या अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। अंत में उन्होंने सनातन धर्म की जय का उद्घोष भी किया।