कर्नाटक में नए युग की शुरुआत: डीके शिवकुमार आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, बेंगलुरु में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

National

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजनीति में बुधवार, 3 जून 2026, एक ऐतिहासिक दिन के रूप में दर्ज होने जा रहा है। लोक भवन स्थित ग्लास हाउस में शाम 4:05 बजे डीके शिवकुमार प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इस समारोह को केवल एक राजनीतिक आयोजन न रखकर, इसे समाज के हर वर्ग की भागीदारी के साथ एक ‘समावेशी उत्सव’ का स्वरूप दिया गया है।

​इस शपथ ग्रहण में राज्यपाल थावरचंद गहलोत मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिपरिषद को शपथ दिलाएंगे। समारोह की गरिमा बढ़ाने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला शामिल होंगे, विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, देश भर के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भी इस अवसर के साक्षी बनेंगे।

आम लोगों की भागीदारी और समावेशी सोच

डीके शिवकुमार की यह शपथ ग्रहण परंपरा से हटकर है। इसमें न केवल राजनेता, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी न्योता दिया गया है। कनकपुरा के सरकारी स्कूल के छात्र, दिहाड़ी मजदूर, सफाई कर्मचारी, किसान, दलित और पिछड़ा वर्ग संगठनों के प्रतिनिधि, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं और फिल्म व कला जगत के दिग्गजों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। यह पहल नई सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है जिसमें ‘सभी को साथ लेकर चलने’ का संकल्प निहित है।

​राजीव गांधी को किया याद

शपथ ग्रहण से पूर्व डीके शिवकुमार ने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए राजीव गांधी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में गांधी परिवार का मार्गदर्शन और विश्वास सर्वोपरि रहा है। उन्होंने विशेष रूप से राजीव गांधी का स्मरण करते हुए कहा कि एक युवा कार्यकर्ता के रूप में उन पर भरोसा जताकर उन्होंने जो आत्मविश्वास जगाया, उसी का परिणाम है कि आज वे जनसेवा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर हैं।

​सुरक्षा और यातायात प्रबंधन

समारोह के मद्देनजर बेंगलुरु पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने बताया कि लोक भवन परिसर में केवल वैध पास धारकों को ही प्रवेश मिलेगा। भारी भीड़ और सुरक्षा कारणों से विधान सौधा, विकास सौधा, राजभवन और एम.एस. बिल्डिंग में कार्यरत सरकारी कर्मचारियों के लिए आधे दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

​यातायात पुलिस ने शहरवासियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। सीबीडी (सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट) क्षेत्र में रेस कोर्स रोड, डॉ. बी.आर. आंबेडकर रोड और आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

पुलिस ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों के चयन और ट्रैफिक एडवाइजरी के पालन का आग्रह किया है ताकि शहर में यातायात सुचारू बना रहे। सभी आमंत्रित अतिथियों को शाम के इस मुख्य आयोजन के लिए दोपहर 2 बजे से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की सलाह दी गई है।