आगरा में राष्ट्रीय सम्मेलन का आगाज: नारी शक्ति के गौरवशाली अतीत और इतिहास के अनछुए पन्नों पर देश के विद्वानों का मंथन

स्थानीय समाचार

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ, देशभर से जुटीं महिला इतिहासकार और शोधार्थी

सिंधु घाटी सभ्यता से वर्तमान तक भारतीय नारी के गौरवशाली इतिहास पर हुआ मंथन, पहले दिन 23 शोध पत्र प्रस्तुत; रविवार को 42 शोध पत्रों की होगी प्रस्तुति

आगरा। भारतीय इतिहास के उन अनछुए पहलुओं, गौरवशाली परंपराओं और ऐतिहासिक तथ्यों को सामने लाने के उद्देश्य से डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इतिहास एवं संस्कृति विभाग तथा अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को संस्कृति भवन, सिविल लाइंस में दो दिवसीय महिला इतिहासकार राष्ट्रीय सम्मेलन एवं राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का भव्य शुभारंभ हुआ। भारत : शाश्वत सभ्यता और युगों, साम्राज्यों एवं पुरातात्विक धरोहरों के माध्यम से उसकी यात्रा विषय पर आयोजित सम्मेलन का उद्घाटन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी, मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, मुख्य वक्ता अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. बालमुकुंद पांडे, राष्ट्रीय सचिव प्रो. शिवकुमार मिश्र एवं इतिहास संकलन समिति ब्रज प्रांत के अध्यक्ष प्रो. बीडी शुक्ला ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

सम्मेलन की विषयवस्तु प्रस्तुत करते हुए इतिहास एवं संस्कृति विभाग के अध्यक्ष तथा भारतीय इतिहास संकलन समिति, ब्रज प्रांत के अध्यक्ष प्रो. बीडी शुक्ला ने कहा कि सिंधु घाटी सभ्यता से लेकर आज तक भारतीय महिलाओं की स्थिति और योगदान को इतिहास में जिस रूप में प्रस्तुत किया गया है, उसका व्यापक पुनरावलोकन आवश्यक है। हमारे इतिहास में लोपामुद्रा जैसी अनेक विदुषी महिलाओं का उल्लेख मिलता है, जिन्होंने ज्ञान, दर्शन, साहित्य और समाज को समृद्ध किया। भारतीय इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों में महिलाओं की भूमिका को उचित स्थान देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य भारत की शाश्वत सभ्यता की यात्रा को विभिन्न ऐतिहासिक कालखंडों, साम्राज्यों और पुरातात्विक साक्ष्यों के माध्यम से समझना तथा नए शोध को प्रोत्साहित करना है।

इतिहास के पन्नों के पीछे छिपे तथ्यों को खोजना जरूरी : डॉ. बालमुकुंद पांडे

मुख्य वक्ता डॉ. बालमुकुंद पांडे ने कहा कि इतिहास में जो दर्ज है, वह हमेशा संपूर्ण सत्य का प्रतिनिधित्व नहीं करता। इतिहास के पन्नों के भीतर और अक्षरों से परे भी अनेक महत्वपूर्ण तथ्य, घटनाएं और व्यक्तित्व छिपे हुए हैं। इन्हें सामने लाने के लिए अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना देशभर में छोटे-छोटे स्तर पर शोध एवं तथ्य संकलन का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक शैक्षणिक संस्थानों और पुस्तकों के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाए गए इतिहास का प्रमाणों के आधार पर पुनरावलोकन होना चाहिए, ताकि ऐतिहासिक तथ्यों को अधिक पारदर्शी और प्रामाणिक रूप में भावी पीढ़ियों के सामने प्रस्तुत किया जा सके।

भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुरूप हो इतिहास का पुनरावलोकन : योगेंद्र उपाध्याय

मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा को पुनर्स्थापित करने और उसके विभिन्न पक्षों पर शोध करने का कार्य निरंतर चल रहा है। उन्होंने कहा कि इतिहास में कुछ शासकों और व्यक्तित्वों को जिस प्रकार महान बताकर प्रस्तुत किया गया, उसी तरह भारतीय परंपरा के वास्तविक महानायकों और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राजाओं के बारे में भी वर्तमान पीढ़ी को जानना चाहिए। आवश्यक संशोधन, शोध और तथ्यों के सुव्यवस्थित संकलन के माध्यम से भारतीय इतिहास को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे देश की गौरवशाली विरासत और वास्तविक ऐतिहासिक योगदान को समझने का अवसर मिलेगा।

भारतीय नारी का इतिहास गौरव और सामर्थ्य का प्रतीक : सुष्मिता पांडे

भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद की प्रोजेक्ट प्रमुख सुष्मिता पांडे ने भारतीय नारी के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय महिलाओं ने प्रत्येक युग में समाज, संस्कृति, शासन और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने प्रचलित ऐतिहासिक धारणाओं पर प्रश्न उठाते हुए कुंती, अहिल्याबाई होल्कर, जीजाबाई और रानी लक्ष्मीबाई जैसी महान महिलाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय इतिहास में महिलाओं के सामर्थ्य, नेतृत्व और योगदान को व्यापक संदर्भ में समझने की आवश्यकता है।

देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे इतिहासकार, लघु भारत बना सम्मेलन स्थल

प्रो. बीडी शुक्ला ने बताया कि दो दिवसीय सम्मेलन में भारतीय इतिहास की विभिन्न अवधियों, सभ्यताओं, सांस्कृतिक परंपराओं और महिलाओं के योगदान पर आधारित 100 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, त्रिपुरा, सिक्किम, असम, गुजरात, तेलंगाना सहित देश के विभिन्न प्रांतों से इतिहासकारों एवं शोधार्थियों ने सहभागिता की है। विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति से सम्मेलन स्थल लघु भारत के स्वरूप में दिखाई दिया।

उन्होंने बताया कि महिला इतिहासकार कार्यशाला में 70 से अधिक महिला प्रतिनिधि एवं इतिहासकार अपने शोध प्रस्तुत कर रही हैं। सम्मेलन में 80 वर्षीय पुरातत्व विभाग के अधिकारी डी.पी. शर्मा ने भी सिंधु सभ्यता में आगरा की भूमिका पर महत्वपूर्ण शोध पत्र प्रस्तुत किया। पहले दिन कुल 23 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें 19 ऑफलाइन तथा चार ऑनलाइन माध्यम से थे। रविवार को दूसरे दिन 42 शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। उत्कृष्ट शोध पत्रों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

शोध सत्र में इतिहास के विविध आयामों पर हुआ मंथन

उद्घाटन सत्र के बाद आयोजित द्वितीय सत्र में इतिहास के विभिन्न विषयों पर शोधार्थियों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। इनमें भारतीय सभ्यता, सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक घटनाओं, महिलाओं के योगदान और विभिन्न कालखंडों से जुड़े विषय शामिल रहे। विद्वानों ने अपने शोध के माध्यम से इतिहास के अनेक महत्वपूर्ण पक्षों पर विचार रखे।

सभी अतिथियों का परिचय एवं सम्मान अखिलेश शुक्ला ने कराया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. लवकुश मिश्रा ने दिया। कार्यक्रम का संचालन आकाश और शुभम ने किया।

ब्रज के लोकगीतों ने बांधा समां

सम्मेलन के प्रथम दिन सायंकाल भारतीय इतिहास और मध्यकालीन लोकसंस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई। इसमें रीना सिंह एवं उनकी टीम ने ब्रज क्षेत्र के पारंपरिक लोकगीतों की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। ‘वो आयो’ और ‘काले घोड़े पर बैठो है’ जैसे लोकगीतों ने श्रोताओं को ब्रज की लोकपरंपरा और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में मीडिया प्रमुख हेमंत द्विवेदी, अमित शर्मा, गोपाल वशिष्ठ, राहुल शर्मा, डॉ. सीता देवी, प्रो. हेमा पाठक, डॉ. पूजा पोरस, डॉ. ज्योति श्री आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रविवार को होगा सम्मेलन का समापन

दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन रविवार को विभिन्न विषयों पर 42 शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही उत्कृष्ट शोध पत्रों को सम्मानित कर सम्मेलन का समापन किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से भारतीय इतिहास के अनछुए पहलुओं, महिला इतिहासकारों के शोध और भारत की गौरवशाली सभ्यता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है।