आगरा। थाना छत्ता क्षेत्र के अंतर्गत बेलनगंज स्थित भैरों बाजार में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। दोपहर करीब दो बजे केनरा बैंक की शाखा जिस दो मंजिला पुरानी बिल्डिंग में संचालित थी, वह अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिर गई। गनीमत यह रही कि लंच टाइम होने के बावजूद अंदर मौजूद करीब 20-25 लोगों ने समय रहते बाहर भागकर अपनी जान बचा ली।
बिल्डर की लापरवाही पर उठ रहे सवाल
हादसे का मुख्य कारण बैंक बिल्डिंग के ठीक बगल में चल रही बेसमेंट की खुदाई को बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, बिल्डर राजेश द्वारा बराबर की जमीन पर गहराई तक खुदाई कराई जा रही थी, जिससे पुरानी बिल्डिंग की नींव कमजोर हो गई और वह ढह गई। हादसे के वक्त बैंक मैनेजर के चैंबर में जनरेटर कंपनी के प्रतिनिधि के साथ बैठक चल रही थी, तभी तेज आवाज के साथ छत गिरनी शुरू हुई।
बच गई कई जिंदगियां
हादसा उस समय हुआ जब बैंक में सामान्य कामकाज चल रहा था। एक प्रत्यक्षदर्शी सुशील बंसल ने बताया कि जैसे ही बिल्डिंग हिलनी शुरू हुई, अंदर भगदड़ मच गई। बैंक के शौचालय में फंसे एक व्यक्ति को भी आनन-फानन में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
व्यापारियों की बढ़ी चिंता
बेलनगंज आगरा का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है और इस केनरा बैंक शाखा में शहर के बड़े व्यापारियों के खाते हैं। बिल्डिंग गिरने से न केवल बैंकिंग कामकाज ठप हो गया है, बल्कि मलबे में रिकॉर्ड्स और कैश के दबे होने की भी आशंका है। व्यापारियों को अब अपने लेनदेन और बैंकिंग सेवाओं के बाधित होने की चिंता सता रही है।
जांच और राहत कार्य जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर मलबे को हटाने और जांच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बिल्डर की लापरवाही के पहलू पर जांच तेज कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। घटनास्थल पर भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

