मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा, भारत कभी हिंदू राष्ट्र नहीं बन सकता

National

दरअसल, बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री अपने कार्यक्रमों में भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए लोगों का समर्थन मांगते दिख रहे हैं, जिस पर देश में घमासान तेज हो गया है। उन पर इस्लाम के खिलाफ साजिश करने का आरोप लग रहा है। हालांकि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जब भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के मायने पूछे गए तो उन्‍होंने स्‍पष्‍ट किया कि उनका हिंदू राष्‍ट्र से आशय राम राज्‍य स्‍थापित करने से है।

मौलाना बरेलवी ने कहा है कि बाबा धीरेंद्र शास्त्री सपनों में जी रहे हैं। हिंदू राष्ट्र वाले लोग हकीकत में जीना शुरू करें। उन्होंने कहा कि जो लोग भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की कोशिश कर रहे हैं, वे सपनों में हैं। भारत कभी भी हिंदू राष्ट्र नहीं बन सकता है। हिंदू राष्ट्र की बात करने वाले लोगों को हकीकत की जिंदगी जीनी चाहिए।

मौलाना रजवी बरेलवी ने कहा कि उन लोगों को मैं दावे से करता हूं कि हिंदुस्तान एक जम्हूरी मुल्क है। आईन के तहत चलता है। संविधान के तहत चलता है। यहां पर रहने वाले जितने भी लोग हैं, वह सभी संविधान में यकीन और एहतेमाद रखते हैं। इसलिए हिंदुस्तान कभी भी हिंदू राष्ट्र नहीं बन सकता है। न ही यह मुस्लिम राष्ट्र बन सकता है। इसलिए जो लोग ख्वाब देख रहे हैं, वह अपना ख्वाब देखना छोड़ दें।

इस्लाम के खिलाफ साजिश रचने का लगाया आरोप

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने स्वयंभू बाबा धीरेंद्र शास्त्री पर इस्लाम के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ धर्म परिवर्तन अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि शास्त्री अपने बयानों से सांप्रदायिक तनाव फैला रहे हैं और इस्लाम का मजाक उड़ा रहे हैं।

मौलवी ने कहा कि शास्त्री ने अब तक 328 पुरुषों और महिलाओं का धर्मांतरण किया है। वे खुले तौर पर युवाओं को मुस्लिम लड़कियों को प्रपोज करने के लिए प्रोत्साहित किया है।

मौलाना बरेलवी ने कहा कि अगर कोई मुस्लिम मौलवी धर्मांतरण को बढ़ावा देता पाया गया तो वह सलाखों के पीछे पहुंच जाएगा, लेकिन सरकार ने शास्त्री की बातों और गतिविधियों पर पूरी तरह से चुप्पी साध रखी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने शास्त्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो मुस्लिम जमात अदालत का रुख करेगी।

Compiled: up18 News