मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर 4 जून से भगवान जगन्नाथ महोत्सव प्रारंभ

Religion/ Spirituality/ Culture

इस संबंध में जानकारी देते हुऐ श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव श्री कपिल शर्मा ने बताया कि वैदिक मान्यताओं के अनुरूप ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा (दिनांक 04 जून 2023 रविवार) की सायं भगवान जगन्नाथ जी की स्नानयात्रा महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। भगवान जगन्नाथ की इस स्नानयात्रा आयोजन के अन्तर्गत वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य विधि-विधान से भगवान जगन्नाथ जी को सहस्त्रधारा स्नान कराया जायेगा।

मान्यताओं के अनुसार भगवान जगन्नाथ को अधिक स्नान आदि के बाद बुखार हो जाता है। भगवान जगन्नाथ जी के अस्वस्थ होने की इसी मान्यता के चलते श्रद्धालुओं को अगले 15 दिनों तक उनके आराध्य जगन्नाथ जी के दर्शन सुलभ नहीं हो सकेंगे। इस अदृश्य अवधि में परंपराओं के अनुसार उनका जड़ी-बूटियों, औषधियों इत्यादि से उपचार किया जाता है। इसके 15 दिन पश्चात दिनांक 20 जून 2023 को भगवान जगन्नाथ जी, अपने बड़े भाई बलभद्र जी एवं बहन सुभद्रा जी के साथ रथ में विराजमान होकर यात्रा करते हुऐ नगर में भ्रमण को निकलेंगे।

ज्ञातव्य हो कि देश भर में सभी जगह जहॉं-जहॉं भगवान जगन्नाथ जी के मंदिर में उन सभी स्थानों पर ज्येष्ठ शुल्क पूर्णिमा से जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का शुभारम्भ हो जाता है।