राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। राघव चड्ढा के साथ आम आदमी पार्टी छोड़ने वालों में अशोक मित्तल और संदीप पाठक भी शामिल हैं। इन दोनों ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया है। AAP नेता संदीप पाठक ने कहा, मैंने अपने जीवन में नहीं सोचा था कि ये स्थिति आएगी पर ये आई। 10 साल से इस पार्टी से मैं जुड़ा रहा और आज मैं आप से अपने रास्ते अलग कर रहा हूं।
संदीप पाठक ने कहा, 10 सालों में ईश्वर साक्षी है कि मैंने खूब मेहनत की। दिन रात नहीं देखा। सब-कुछ झोंक दिया। मैंने कभी खुद को आगे नहीं किया। पार्टी को आगे रखा। अरविंद केजरीवाल को आगे रखा। मेरा मकसद था कि देश के लिए काम करना है। मेरी ईमानदारी का, निष्ठा का प्रमाण मैं नहीं दूंगा, आप के नेता देंगे। मैंने जितने भी फैसले लिए वे सारे पार्टी को सबसे ऊपर रखकर लिए।
राघव चड्ढा समेत तीन सांसदों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी छोड़ने का एलान किया। साथ में तीनों ने बताया कि वे आम आदमी पार्टी छोड़ने पर क्यों मजबूर हुए।
मैंने अपना खून-पसीना दिया लेकिन AAP सिद्धांतों से भटकी: राघव
राघव चड्ढा ने कहा, जिस आम आदमी पार्टी को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा और अपनी जवानी के 15 साल दिए, वह अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल सिद्धांतों से भटक गई है। अब यह पार्टी राष्ट्रहित में नहीं, बल्कि अपने निजी फायदे के लिए काम कर रही है। पिछले कुछ साल से मुझे ऐसा लग रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही आदमी हूं। इसलिए, आज मैं घोषणा करता हूं कि मैं आम आदमी पार्टी से अलग हो रहा हूं और जनता के करीब आ रहा हूं।
BJP में विलय करेंगे AAP के दो-तिहाई सासंद: राघव
संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, सांसद राघव चड्ढा ने कहा, ‘हमने फैसला किया है कि हम, राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य, भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए BJP में विलय कर लेंगे।’
राघव चड्ढा ने कहा कि दो तिहाई से ज्यादा सांसद हमारे साथ हैं। हमारे साथ में हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी और स्वाति मालीवाल भी हमारे साथ हैं।
इनका चरित्र क्या है वो आज देश ने देख लिया: AAP नेता अनुराग ढांडा
राज्यसभा में AAP के 2/3 सांसदों के BJP में शामिल होने की घोषणा पर AAP नेता अनुराग ढांडा ने कहा, “इनका चरित्र क्या है वो आज देश ने देख लिया। पंजाब में भगवंत मान की सरकार अच्छा काम कर रही है। इनको पता है कि ये किसी हालत में वहां हरा नहीं सकते। वहां आप की सरकार वापस आने वाली है। 3 दिन पहले अशोक मित्तल के यहां ED का छापा पड़ा फिर सभी को उदाहरण दिया गया कि हम आपके यहां भी कर सकते हैं। सभी को तोड़कर फिर ले जाते हैं।”
सांसदों के आप छोड़ने से भड़के संजय सिंह बोले, भाजपा का ऑपरेशन लोटस चला रही
AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, “भाजपा का ऑपरेशन लोटस और राजनीति का खेल जिसमें भगवंत मान के कार्य रोकने का काम बड़े पैमाने पर शुरू हो गया है… पंजाब की सरकार वहां के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का काम करती है… पंजाब के किसी भी व्यक्ति को कोई रोग हो तो 10 लाख रुपए तक का इलाज कराने का काम किया जाता है। ऐसी सरकार को भाजपा ने रोकने और तोड़ने का काम किया है…
आज AAP राज्य सभा के 7 सांसद अलग होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। इन सातों नामों को पंजाब की जनता माफ नहीं करेगी। राघव चड्ढा को AAP ने क्या नहीं दिया लेकिन वे भाजपा में चले गए… इन सभी नेताओं को AAP ने जमीन से उठाकर संसद तक पहुंचाने का काम किया था लेकिन इन सातों लोगों ने पंजाब की जनता को धोखा दिया है…”


