आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर फिल्मी अंदाज में शराब की तस्करी: ट्रक के भीतर बने गुप्त केबिन से 600 पेटी बरामद, दो गिरफ्तार

Crime

आगरा: ताजनगरी की एत्मादपुर पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान अवैध शराब तस्करी के एक हाईटेक और फिल्मी तरीके का भंडाफोड़ किया है। तस्करों ने फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर ट्रक के भीतर एक फर्जी जनरेटर की बॉडी बना रखी थी, जिसके अंदर 60 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब छिपाई गई थी।

छलेसर हाईवे पर संदेह ने खोला राज

थाना एत्मादपुर पुलिस छलेसर हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को रोका गया। ट्रक के अंदर एक बड़ा जनरेटर रखा देख पहली नज़र में पुलिस को सब सामान्य लगा, लेकिन बारीकी से जांच करने पर पुलिस का माथा ठनका। जब जनरेटर की लोहे की बॉडी को खोला गया, तो अंदर का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए।

​पंजाब से बिहार जा रही थी 600 पेटियां

जनरेटर के खोखले ढांचे के भीतर बड़ी सफाई से अवैध शराब की 600 पेटियां ठूंस-ठूंस कर भरी गई थीं। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह शराब पंजाब के भटिंडा से लोड की गई थी और इसकी डिलीवरी बिहार में होनी थी। बरामद शराब की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 से 60 लाख रुपये आंकी गई है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस ने मौके से दो तस्करों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ में यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस बड़े नेटवर्क के पीछे मुख्य सप्लायर कौन है और बिहार में इसे किसे सौंपा जाना था। पुलिस ने ट्रक और शराब को जब्त कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।