आगरा: हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की कानूनी चुनौतियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। किसानों के कथित अपमान और राजद्रोह से जुड़े एक मामले में आज आगरा की स्पेशल कोर्ट (एमपी-एमएलए) में महत्वपूर्ण बहस होने जा रही है।
अदालत में सोमवार का दिन अहम
विशेष न्यायाधीश अनुज कुमार सिंह की अदालत ने 16 मार्च की तिथि इस मामले में अंतिम बहस के लिए नियत की थी। इससे पहले हुई सुनवाई के दौरान कंगना रनौत की अधिवक्ता ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बहस की तैयारी के लिए और समय मांगा था। हालांकि, कोर्ट ने 16 मार्च तक के लिए राहत देते हुए यह साफ कर दिया था कि 16 मार्च बहस की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
विपक्षी वकीलों ने जताई कड़ी आपत्ति
मामले के वादी वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता सुखबीर सिंह चौहान और राजवीर सिंह ने बचाव पक्ष की देरी करने की रणनीति पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने अदालत में दलील दी कि विपक्ष की ओर से बार-बार समय की मांग करना केवल मामले को टालने और न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने का प्रयास है।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा विवाद कंगना रनौत द्वारा किसानों के आंदोलन को लेकर की गई कुछ टिप्पणियों से जुड़ा है, जिसे लेकर उन पर किसानों के अपमान और राजद्रोह जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आज होने वाली बहस के बाद यह तय हो सकता है कि कोर्ट इस मामले में कंगना के खिलाफ क्या कड़ा रुख अपनाता है।


