आगरा। ताजनगरी का सूरसदन प्रेक्षागृह मंगलवार को एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक यात्रा का साक्षी बनने जा रहा है। भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्मकल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में ‘सकल श्वेतांबर जैन श्री संघ’ द्वारा “अनंत से अरिहंत: आत्मा की यात्रा” शीर्षक से एक भव्य लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया जा रहा है। 31 मार्च की शाम 5 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक और शास्त्रीय अभिनय के जरिए आत्मा के अज्ञान से मोक्ष तक के सफर को पर्दे पर उतारा जाएगा।
27 जन्मों का सफर और अंतिम 72 घंटे
जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक श्री संघ के अध्यक्ष राजकुमार जैन ने बताया कि यह कोई साधारण नाटक नहीं, बल्कि एक दिव्य अनुभूति होगी। इसमें भगवान महावीर के पूर्व के 27 भव (जन्म), उनके बाल्यकाल, वैराग्य, कठिन तपस्या और केवलज्ञान प्राप्ति के दृश्यों का सजीव चित्रण होगा। विशेष आकर्षण भगवान के मोक्ष गमन से पूर्व के उन अंतिम 72 घंटों की देशना (उपदेश) होगी, जिसे 125 से अधिक कलाकार मंच पर जीवंत करेंगे।
15 दिनों की कड़ी मेहनत और 125 कलाकार
इस मेगा शो को सफल बनाने के लिए जैन समाज के विभिन्न परिवारों के 125 से अधिक बच्चे, महिलाएं और पुरुष पिछले 15 दिनों से दिन-रात रिहर्सल कर रहे हैं। दीपक और चंद्रशेखर के निर्देशन में तैयार यह शो जैन धर्म के मूल सिद्धांतों अहिंसा, अपरिग्रह और आत्मसंयम को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
प्रमुख संस्थाओं का साझा प्रयास
सोमवार को न्यू राजामंडी स्थित सुराना भवन में कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। इस गौरवशाली आयोजन में श्वेतांबर स्थानकवासी जैन ट्रस्ट (राजामंडी), रोशन मोहल्ला संघ, लोहामंडी समिति, बालूगंज सभा और जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप ‘आगरा ताज’ एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन होंगे, जबकि अध्यक्षता शारदा ग्रुप के उपाध्यक्ष यतेंद्र कुमार गुप्ता करेंगे। पोस्टर विमोचन के दौरान सुरेंद्र सोनी, सुभाष जैन, सुरेश जैन (हैप्पी भाई), अमरलाल जैन और समाज के कई गणमान्य पदाधिकारी मौजूद रहे। शहरवासियों के लिए यह शो तकनीकी भव्यता के साथ-साथ आत्मिक शांति का एक अनूठा अवसर साबित होगा।

