लीडर्स आगरा अवॉर्ड 2026: शहर की 22 विभूतियों का होगा सम्मान, बॉलीवुड दिग्गज धर्मेंद्र को समर्पित होगा समारोह

विविध

आगरा: ताजनगरी में सेवा, समर्पण और सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा मंच सजने को तैयार है। संस्था ‘लीडर्स आगरा’ द्वारा आगामी 22 फरवरी को ‘लीडर्स आगरा अवॉर्ड 2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। बुधवार को महाराजा अग्रसेन भवन में कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। इस वर्ष का यह प्रतिष्ठित समारोह हिंदी सिनेमा के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र को समर्पित रहेगा, जिनके संघर्षमय जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मकता का संदेश दिया जाएगा।

18 श्रेणियों में 22 अवार्ड:

संस्था के अध्यक्ष डॉ. पार्थसारथी शर्मा ने बताया कि इस बार 18 अलग-अलग श्रेणियों में कुल 22 विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इन श्रेणियों में समाजसेवा, चिकित्सा, खेल, साहित्य, पत्रकारिता, वीरता और ‘प्राइड ऑफ आगरा’ जैसे क्षेत्र शामिल हैं। चयन प्रक्रिया में शहर के प्रबुद्धजनों के सुझावों और आम जनता के नामांकनों को मुख्य आधार बनाया गया है।

स्वच्छता और नागरिक कर्तव्य का संदेश:

अवॉर्ड समारोह के माध्यम से ‘स्वच्छ आगरा’ का एक सशक्त अभियान भी चलाया जाएगा। संरक्षक सुरेश चंद्र गर्ग के अनुसार, यह मंच केवल सम्मान देने के लिए नहीं, बल्कि नागरिकों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का एक उत्सव है।

मुख्य अतिथि और गणमान्य उपस्थिति:

22 फरवरी को एम.डी. जैन (शांति सागर) सभागार में होने वाले इस कार्यक्रम में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के पुत्र अशोक कुमार, केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और सांसद नवीन जैन मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर शहर के कई दिग्गज समाजसेवी और पार्षद मौजूद रहे।