आगरा: पीएनबी बैंक के लॉकर में रखे लाखों के जेवरात गायब, लॉकरधारक ने लगाया बैंककर्मियों पर चोरी, गबन का आरोप

Crime

आगरा। लोहामंडी क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक शाखा के लॉकर से लाखों रुपये के जेवरात चोरी हो जाने की जानकारी मिली है। पत्नी का नाम बढ़वाने के बाद लॉकर चेक करने गए पति ने उसे खोला तो वह खाली था। इस मामले में लोहामंडी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट में बैंक के कर्मचारियों पर लॉकर में रखे जेवरात चोरी करने का शक जताया गया है।

मारुति एस्टेट फेस-एक निवासी 82 वर्षीय वेद प्रकाश जैन ने 11 सितंबर, 2021 को पंजाब नेशनल बैक की लोहामंडी शाखा में लॉकर लिया था। वेद प्रकाश 17 अगस्त 2022 को पत्नी ममता जैन के साथ बैंक गए थे। वहां लॉकर में अपनी पत्नी का नाम बढ़वाने की कार्यवाही पूरी की। इसके बाद वेद प्रकाश अपनी पत्नी और कर्मचारी के साथ लॉकर खोलने पहुंचे। उन्होंने और कर्मचारी ने लॉकर में चाबी लगाई, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी वह नहीं खुला। इस बीच कर्मचारी ने उन्हें बताया कि उनका लॉकर तो पहले से ही खुला हुआ है। इसकी जानकारी उन्होंने और कर्मचारी ने बैंक मैनेजर को दी। दम्पत्ति ने अपने बेटे पंकज को भी वहां बुला लिया।

मैनेजर किसी काम से बाहर जा रहे थे। करीब दो घंटे बाद उनके लौटने पर पूरे मामले की जानकारी दी।
बैंक मैनेजर स्टाफ और उनके साथ लाकर रूम में गए। करीब 15 मिनट प्रयास के बाद भी लॉकर नहीं खुला। बैंक के कर्मचारी ने ध्यान से चेक करने के बाद बताया कि लॉकर की पत्ती उखड़ी हुई है। उसे दबाते ही लाकर खुल गया। वेद प्रकाश के अनुसार लाकर को पूरी तरह खाली देख उनके होश उड़ गए। उसमें रखे लाखों रुपये के जेवरात गायब थे। उन्होंने आखिरी बार 11 दिसंबर, 2021 काे लॉकर चेक किया था। उस समय जेवरात रखे हुए थे।

इंस्पेक्टर लोहामंडी त्रिलोकी सिंह ने बताया कि लॉकर धारक वेद प्रकाश की तहरीर पर गबन का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने जेवरात गायब होने में बैंक के कर्मचारियों पर शक जताया है, विवेचना की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।

वेदप्रकाश के अनुसार लॉकर में चार तोले का सोने का हार, ढाई तोले का सोने का सेट कान और गले का, एक तोले का साेने का सेट गले का, एक तोले के पांच जोड़ी कान के झुमके, आठ ग्राम के आठ सोने का टीका, दो ग्राम की सोने की नथ, आठ ग्राम की सोने की तीन गिन्नी रखी थीं।

-up18news