केरल कांग्रेस अध्यक्ष के सुधाकरन धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार, जमानत पर रिहा

Politics

केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी)के प्रमुख के सुधाकरन को शुक्रवार को पुलिस की अपराध शाखा ने धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में प्राचीन वस्तुओं का डीलर विवादास्पद मोनसन मावुंकल मुख्य आरोपी हैं। बाद में सुधाकरन को जमानत पर रिहा कर दिया गया।

जमानत पर रिहा होने के बाद सुधाकरन ने मीडिया से कहा कि उन्हें अपराध शाखा ने कई घंटों की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। इससे पूर्व वह सुबह पूछताछ के लिए पेश हुए थे। कांग्रेस नेता ने कहा, उन्होंने मुझसे पूछताछ करने के बाद मेरी गिरफ्तारी दर्ज की और फिर मुझे जमानत पर रिहा कर दिया। मुझे न्यायपालिका पर भरोसा है। मैं अदालत में मामले का सामना करूंगा।

इस बीच, केरल में कांग्रेस के वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने सुधाकरन की गिरफ्तारी की आलोचना की और इसे राजनीतिक साजिश करार दिया। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) वीडी सतीसन ने कहा कि वाम सरकार भय से शासित है। इसलिए वह इस तरह की रणनीति से विपक्ष को चुप कराने की कोशिश कर रही है।

केरल कांग्रेस अध्यक्ष सुधाकरन की गिरफ्तारी पर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने तंज किया है। उन्होंने ट्वीट किया, विपक्षी एकता के दिन-केरल अपराध शाखा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के. सुधाकरन को भ्रष्टाचार में संलिप्तता के मामले में गिरफ्तार किया है। आश्चर्य है, क्या यह वामपंथियों की ओर से अपनी ही सहयोगी कांग्रेस के खिलाफ प्रतिशोध है, या क्या कांग्रेस को उसके ही सहयोगी वाम दल की ओर से भ्रष्ट प्रमाणित किया जा रहा है? जो भी आनंद लिजिए।

Compiled: up18 News