आगरा जेल में बंद प्रतिभावान महिलाओं को कारागार मंत्री ने किया सम्मानित, 6 साल की बच्ची का मनाया जन्मदिन

स्थानीय समाचार

आगरा: रविवार को प्रदेश के कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति आगरा की जिला जेल पहुंचे थे। यहां पर कल्याणम फाउंडेशन संस्था की ओर से महिला कैदियों को उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम के दौरान महिला कैदियों द्वारा अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा को दिखाते हुए जो प्रोडक्ट बनाए थे उनको कारागार मंत्री ने देखा। उनमें से पांच महिला कैदियों को सम्मानित भी किया। इतना ही नहीं कारागार मंत्री ने महिला और पुरुष की प्रतिभाओं को निखारने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने का भी आश्वासन दिया।

जानकारी के मुताबिक कल्याणम फाउंडेशन संस्था जिला जेल में बंद महिला कैदियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनकी प्रतिभाओं को निखारने का कार्य कर रही है। इसी के चलते महिला कैदियों ने अपनी प्रतिभा के अनुसार विभिन्न प्रकार के प्रोडक्ट तैयार किए थे। आज कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने उनका अवलोकन किया, साथ ही प्रतिभावान महिला कैदियों को सम्मानित भी किया।

कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि प्रदेश भर की जेलों में प्रतिभावान कैदी निरुद्ध है। उनकी प्रतिभा को निखार कर उनके द्वारा बनाए गए प्रोडक्ट को बेचने और उनकी मार्केटिंग करने के लिए एमएसएमई से संपर्क किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी वार्ता की थी। उन्हीं से निर्देश मिले थे कि एमएसएमई से संपर्क कर ऐसे कैदियों की हौसला आफजाई और उनके प्रोडक्ट को बिकवाने की व्यवस्था की जाए। उसी प्रयास में हम लोग लगे हुए हैं, जल्द ही ऐसी व्यवस्था होगी।

6 साल की बच्ची का मनाया जन्मदिन

जिला जेल में एक महिला कैदी की बच्ची भी उसके साथ है। आज उसका जन्मदिन था। जानकारी होने पर कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने उस बच्ची का जन्मदिन मनाया और केक काटकर उसे बधाई भी दी। साथ ही कल्याणम फाउंडेशन संस्था की ओर से उस बेटी को जन्मदिन के विभिन्न उपहार भी दिए गए। इतने उत्साह और खुशी के माहौल में बेटी का जन्मदिन मनाए जाने से उसकी मां काफी उत्साहित नजर आई।

मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि जेलों में बंद बंदियों और कैदियों के बच्चों को शिक्षा दिलाना उत्तर प्रदेश सरकार का दायित्व है। बच्चों को शिक्षित करने के लिए प्रदेश की सभी जेलों में शिक्षकों की नियुक्त की गई है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की सभी जेलों में बच्चों के लिए पार्क विकसित किए जा रहे हैं जिससे बच्चे पढ़ने के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ सके। अगर कोई महिला चाहती है कि उनका बच्चा बाहर पढ़ने जाए तो उसकी भी व्यवस्था उत्तर प्रदेश सरकार करेगी।