ISRO ने बताया, चंद्रयान-3 ने एक हफ़्ते में अपने कई उद्देश्यों को पूरा किया

National

इसरो ने बताया है कि रोवर प्रज्ञान पर लगे पेलोड LIBS ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सल्फर की मौजूदगी की पुष्टि की है. ये अपने आप में अहम जानकारी है क्योंकि अब तक चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सल्फर मिलने की पुष्टि नहीं हुई थी.

इसके साथ ही चांद के दक्षिणी ध्रुव पर ऑक्सीजन समेत एल्युमीनियम, कैल्शियम, आयरन, क्रोमियम और टाइटेनियम की मौजूदगी का भी पता लगाया है. हालांकि, हाइड्रोजन की खोज अभी की जा रही है.

सुरक्षित रास्ता खोजते दिखा प्रज्ञान

इसके अलावा इसरो ने आज चांद के दक्षिणी ध्रुव के पास पहुंचे प्रज्ञान रोवर का एक नया वीडियो जारी किया है.
इस वीडियो में प्रज्ञान रोवर चांद की सतह पर चलते हुए अपने लिए एक सुरक्षित मार्ग तलाशने की कोशिश करता दिख रहा है.

इससे पहले ख़बर आई थी जिसमें बताया गया था कि प्रज्ञान रोवर ने किस तरह खुद को चार मीटर चौड़े गड्ढे में जाने से रोक लिया था.

प्रज्ञान ने इस गड्ढे को तीन मीटर की दूरी से ही भांप लिया था. इसके बाद अपना रास्ता बदलना शुरू किया था.

इसरो ने इस क्रेटर की तस्वीरें भी जारी की हैं. इसे प्रज्ञान रोवर की नेविगेशनल क्षमता के शानदार उदाहरण की तरह देखा जा रहा है.

Compiled: up18 News