राम मय हुआ आगरा का इस्कॉन मंदिर: 108 कलशों से हुआ प्रभु श्रीराम का महाअभिषेक, पारिजात के पुष्पों से महका दरबार

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा: ताजनगरी के कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में राम नवमी का महापर्व अगाध श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव पर मंदिर परिसर ‘हरे कृष्ण-हरे राम’ के संकीर्तन और प्रभु श्री राम के जयकारों से गुंजायमान रहा। सतरंगी रोशनी और सुगंधित पुष्पों से सजे मंदिर में भक्तों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि हर कोई भक्ति के सागर में सराबोर नजर आया।

108 कलशों से दिव्य अभिषेक और विशेष श्रृंगार

महोत्सव का मुख्य आकर्षण प्रभु का दिव्य अभिषेक रहा। संध्या आरती के पश्चात, पंचगव्य और पंचामृत से भरे 108 कलशों द्वारा भगवान सियाराम और लक्ष्मण जी का विधि-विधान से अभिषेक किया गया। इस दौरान विशेष रूप से श्रीहरि के प्रिय पारिजात (हरसिंगार), गुलाब, गेंदा और जाफरी के पुष्पों की वर्षा की गई। इससे पूर्व सुबह मंगला आरती के साथ ही भगवान जगन्नाथ, बलदाऊ और बहन सुभद्रा का नयनाभिराम विशेष श्रृंगार किया गया।

भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु: गूंजी रामरक्षा स्तोत्र की महिमा

​संध्या काल में इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने राम रक्षा स्तोत्र और दशावतार स्तोत्र का पाठ किया। श्रीराम जन्मोत्सव की कथा सुनाते हुए उन्होंने भगवान शिव द्वारा की गई श्रीराम की स्तुति का सस्वर पाठ किया, जिसे सुन भक्त भाव-विभोर हो उठे। कथा के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु कीर्तन की धुन पर जमकर थिरके।

प्रसाद वितरण और प्रमुख जनों की उपस्थिति

​उत्सव के समापन पर सभी भक्तों ने उत्साह के साथ प्रभु का प्रसाद ग्रहण किया। इस पावन अवसर पर मुख्य रूप से नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, संजीव बंसल, संजय कुकरैजा, ओमप्रकाश अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, अदिति गौरांगी, शाश्वत नंदलाल, सूरज, राजीव मल्होत्रा सहित बड़ी संख्या में इस्कॉन भक्त और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।