राठ (हमीरपुर): हमीरपुर जनपद के राठ क्षेत्र अंतर्गत मझगवां थाना क्षेत्र के गिरवर गांव के जंगल में अज्ञात महिला की नृशंस हत्या कर सिर काट दिए जाने की सनसनीखेज घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। गुरुवार शाम/रात जंगल में महिला का धड़ मिलने के बाद शुक्रवार सुबह घटनास्थल से करीब 250 मीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों से महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया गया।
साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वॉयड, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम की मदद ली गई है। पुलिस ने चौकीदार सुरेंद्र अनुरागी की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुष्कर्म व तंत्रक्रिया समेत सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।
चरवाहे ने देखा धड़, रातभर तलाश के बाद सुबह मिला सिर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कैंथा गांव के चरवाहे नरेना पाल गुरुवार को जंगल से मवेशी लेकर वापस लौट रहे थे, तभी उन्होंने गिरवर गांव के पास जंगल में एक महिला का धड़ पड़ा देखा। धड़ पर केवल ब्लाउज और पेटीकोट था, जबकि साड़ी व गर्दन वाला हिस्सा गायब था। यह खबर गांव में फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार, सीओ राठ राजीव प्रताप सिंह तथा मझगवां थानाध्यक्ष राकेश कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रात में तलाश के बावजूद सिर नहीं मिल सका था। शुक्रवार सुबह डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम के पहुंचने पर खोजी श्वान सूंघते हुए झाड़ियों की ओर बढ़ा और वहां से महिला का कटा सिर बरामद हुआ। शिनाख्त न हो पाने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया है तथा पैनल से पोस्टमार्टम और स्लाइड बनवाए जाने की तैयारी की जा रही है।
चप्पलें, जली साड़ी, बाल और गहने मिलने से उठे कई सवाल
शुक्रवार सुबह फोरेंसिक व डॉग स्क्वॉयड की मौजूदगी में की गई पड़ताल के दौरान धड़ से करीब 10 मीटर की दूरी पर महिला की चप्पलें आसपास रखी मिलीं। वहीं, करीब 200 मीटर दूर सिर से उखाड़े गए बाल, 230 मीटर दूर काले रंग की जली हुई साड़ी और 250 मीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में सिर मिला।
महिला के शरीर पर मंगलसूत्र, बिछिया, तोड़ियां और पायल मौजूद पाए गए हैं। महिला की उम्र करीब 35 से 38 वर्ष आंकी जा रही है और शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
सिर व चेहरे की स्थिति और तंत्रक्रिया की आशंका पर पड़ताल
पुलिस के अनुसार, किसी धारदार हथियार से सिर को धड़ से अलग किया गया तथा बाल उखाड़ने के दौरान सिर की खाल भी उखड़ गई, जबकि चेहरे पर भी खाल नहीं मिली और दांत व आंखें सुरक्षित रहीं। घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर बिरमा नदी की तलहटी में मंदिर स्थित है, जहां पैदल या बाइक से ही पहुंचा जा सकता है। जहां जली साड़ी मिली, वहां शराब के खाली पाउच भी पड़े मिले हैं। ऐसे में पुलिस महिला को मंदिर के बहाने ले जाने, तंत्रक्रिया या अन्य कारणों से हत्या किए जाने सहित सभी कोणों से जांच कर रही है।
चार दिन से चल रही थी सुगबुगाहट, एसओजी व सर्विलांस टीम सक्रिय
ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार को ही कुछ लोगों को जंगल में शव पड़े होने की भनक लग गई थी, लेकिन पुलिस पूछताछ के डर से चार दिन तक गांव में इसकी सुगबुगाहट के बावजूद किसी ने जानकारी नहीं दी। गुरुवार को चरवाहे नरैना पाल ने हिम्मत जुटाकर गांव के युवकों को बताया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। ग्रामीणों के अनुसार इस जंगल क्षेत्र में पहले भी शव मिल चुके हैं। सीओ राठ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान और वारदात के जल्द खुलासे के लिए एसओजी (SOG), सर्विलांस टीम सहित अन्य पुलिस टीमें गठित की गई हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।


