मुंबई: सोनी सब का लोकप्रिय शो ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ इन दिनों दर्शकों को अपनी सीट से बांधे रखने के लिए तैयार है। अपनी बेबाकी और ईमानदारी के लिए मशहूर पुष्पा पटेल (करुणा पांडे) की जिंदगी में एक ऐसा तूफान आने वाला है, जो उसके वर्षों के संघर्ष और सिद्धांतों को हिलाकर रख देगा। आने वाले एपिसोड्स में पुष्पा को अपनी जिंदगी के सबसे अंधियारे दौर से गुजरते हुए देखा जाएगा।
साजिश का शिकार हुई पुष्पा
कहानी में मोड़ तब आता है जब एक कोर्ट अधिकारी कथित तौर पर पुष्पा के नाम की रिश्वत की रकम बरामद करता है। इस चौंकाने वाले घटनाक्रम के बाद पुष्पा को अचानक गिरफ्तार कर लिया जाता है, जिससे पूरे चॉल में सन्नाटा पसर जाता है। इस विवाद का सबसे बुरा असर पुष्पा के करियर पर पड़ता है उसका वकालत करने का लीगल लाइसेंस सस्पेंड कर दिया जाता है। जिस वकालत को पुष्पा ने अपनी मेहनत और स्वाभिमान से हासिल किया था, उसका छिन जाना उसे मानसिक रूप से तोड़ देता है।
शनाया की चाल और पुष्पा का संयम
इस पूरी साजिश के पीछे शनाया (मुस्कान बामने) का हाथ होने के संकेत मिलते हैं, लेकिन अपने उसूलों की पक्की पुष्पा बिना किसी ठोस सबूत के उस पर आरोप लगाने से बचती है। अपमान के कड़वे घूँट पीने के बावजूद पुष्पा ने हार न मानने का फैसला किया है। जहाँ एक ओर परिवार के साथ रिश्तों में दरार और पेशेवर चुनौतियां उसके सामने पहाड़ बनकर खड़ी हैं, वहीं दूसरी ओर पुष्पा चुपचाप सच को जोड़ने की कोशिश कर रही है। अश्विन के साथ बढ़ते टकराव और समाज की उठती उंगलियों के बीच पुष्पा का धैर्य अब तक की सबसे बड़ी परीक्षा से गुजर रहा है।
क्या कहती हैं करुणा पांडे?
इस चुनौतीपूर्ण ट्रैक पर बात करते हुए करुणा पांडे (पुष्पा पटेल) ने कहा, “यह मोड़ पुष्पा के लिए सिर्फ एक कानूनी लड़ाई नहीं, बल्कि उसके अस्तित्व की लड़ाई है। रिश्वत जैसे गंभीर आरोप और लाइसेंस खोना उसकी पूरी पहचान को चोट पहुँचाता है। एक अभिनेत्री के तौर पर, इस भावनात्मक उथल-पुथल और अपमान के बीच भी गरिमा बनाए रखने वाले किरदार को जीना मेरे लिए बहुत गहन अनुभव रहा है। पुष्पा गुस्से के बजाय सच्चाई और धैर्य से लड़ना चुनती है, और मुझे यकीन है कि दर्शक उसकी इस हिम्मत को महसूस कर पाएंगे।”
क्या पुष्पा अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा और लाइसेंस वापस पा सकेगी? या शनाया की चालाकियां उसे हमेशा के लिए कानूनी दुनिया से बाहर कर देंगी? यह देखना दिलचस्प होगा।

