‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने कहा, कर्तव्य की भावना, हम सभी को एक सूत्र में पिरोती है

Exclusive

पीएम ने कहा, आजादी का ये अमृतकाल देश के लिए हर नागरिक का कर्तव्य काल भी है। अपने कर्तव्य निभाते हुए ही हम अपने लक्ष्यों को पा सकते हैं, अपनी मंजिल तक पहुंच सकते हैं। कर्तव्य की भावना, हम सभी को एक सूत्र में पिरोती है।’ पीएम मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का हर महीने के आखिरी रविवार की सुबह 11 बजे प्रसारण होता है। आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 105वां एपिसोड है।

पीएम ने कहा, ‘अगर हम ठान लें तो बड़ी से बड़ी चुनौतियों को पार कर एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं। आप भी कर्तव्य पथ पर चलते हुए अपने आसपास ऐसे बहुत से बदलावों का माध्यम बन सकते हैं।’

पीएम मोदी ने कहा- ‘जीवेषु करुणा चापि, मैत्री तेषु विधीयताम् अर्थात् जीवों पर करुणा कीजिए और उन्हें अपना मित्र बनाइए। ये जीव-जंतु हमारी आस्था के केंद्र में तो रहने ही चाहिए, हमें इनका हर संभव संरक्षण भी करना चाहिए। बीते कुछ वर्षों में, देश में, शेर, बाघ, तेंदुआ और हाथियों की संख्या में उत्साहवर्धक बढ़ोत्तरी देखी गई है।

पर्यटन क्षेत्र को बढ़ाने में किसी भी देश के लिए सद्भावना, उसका प्रति आकर्षण बहुत मायने रखता है | कुछ वर्षों में भारत के प्रति आकर्षण बहुत बढ़ा है और जी-20 के आयोजनों के बाद दुनिया के लोगों का भारत में हित और बढ़ गया है।

उन्‍होंने कहा कि G20 में एक लाख से अधिक प्रतिनिधि भारत आए। वो यहां की विविधताएं, अलग-अलग परंपराएं, अलग-अलग तरह की परंपराएं और हमारे मसालों को पहचान गए हैं, यहां आने वाले प्रतिनिधि अपने साथ जो शानदार अनुभव लेकर गए हैं, उससे पर्यटन को और विस्तार मिलेगा।

पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की शुरुआत में कहा, ‘इन दिनों सबसे ज्यादा पत्र, संदेश जो मुझे मिले हैं वो दो विषयों पर बहुत अधिक हैं। पहला विषय है, चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग और दूसरा विषय है दिल्ली में G-20 का सफल आयोजन।’

जब चंद्रयान-3 का लैंडर चंद्रमा पर उतरने वाला था, तब करोड़ों लोग अलग-अलग माध्यमों के जरिए एक साथ इस घटना के पल-पल के साक्षी बन रहे थे। ISRO के YouTube लाइव चैनल पर 80 लाख से ज्यादा लोगों ने इस घटना को देखा… अपने आप में ही एक रेकॉर्ड है। इससे पता चलता है कि चंद्रयान-3 से करोड़ों भारतीयों का कितना गहरा लगाव है।

चंद्रयान-3 की सफलता के बाद G20 के शानदार आयोजन ने हर भारतीय की खुशी को दोगुना कर दिया। भारत मंडपम तो अपने आप में एक सेलिब्रिटी की तरह हो गया है | लोग उसके साथ सेल्फी खिंचा रहे हैं और गर्व से पोस्ट भी कर रहे हैं।

कुछ ही दिन पहले शांति निकेतन और कर्नाटक के पवित्र होयसदा मंदिर को विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया है। मैं इस शानदार उपलब्धि के लिए सभी देशवासियों को बधाई देता हूं।

Compiled: up18 News