‘मन की बात’ में PM मोदी बोले, नए भारत की स्पिरिट का प्रतीक बन गया है चंद्रयान..

Exclusive

1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिशन चंद्रयान पर कहा कि चंद्रयान 3 की सफलता बहुत बड़ी है। हर ओर इसकी चर्चा हो रही है। चंद्रयान की सफलता ने बता दिया है कि सफलता के कुछ सूरज चांद पर भी उगते हैं। चंद्रयान नए भारत की उस स्पिरिट का प्रतीक बन गया है, जो हर हाल में जीतना चाहता है और हर हाल में जीतना जानता भी है।

2. पीएम मोदी ने आगे कहा कि जहां महिला शक्ति का सामर्थ्य जुड़ जाता है, वहां असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है। भारत का मिशन चंद्रयान, नारीशक्ति का भी जीवंत उदाहरण है। इस पूरे मिशन से अनेक Women Scientists और Engineers सीधे तौर पर जुड़ी रही हैं। जब किसी देश की बेटियां इतनी आकांक्षी हो जाएं तो उस देश को विकसित बनने से भला कौन रोक सकता है। जब सबका प्रयास लगा हो तो सफलता भी मिलती है।

3. उन्होंने कहा कि मेरे परिवारजनों, सितंबर का महीना भारत के सामर्थ्य का साक्षी बनने जा रहा है। अगले महीने होने जा रहे G-20 Leaders Summit के लिए देश पूरी तरह से तैयार है। इस आयोजन में भाग लेने के लिए 40 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और अनेक Global Organisations राजधानी दिल्ली आ रहे हैं। पीएम मोदी ने बताया कि G-20 Summit के इतिहास में ये अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी होगी।

4. पीएम मोदी ने आगे कहा कि G-20 Leaders Summit को लेकर भारत की ओर से दिए गए निमंत्रण पर ही African Union भी इससे जुड़ी और अफ्रीका के लोगों की आवाज दुनिया के इस अहम प्लेटफार्म तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि पिछले साल, बाली में भारत को G-20 की अध्यक्षता मिलने के बाद से अब तक इतना कुछ हुआ है, जो हमें गर्व से भर देता है।

5. कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने खिलाड़ियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज खेल-कूद एक ऐसा क्षेत्र है, जहां हमारे युवा निरंतर नई सफलताएं हासिल कर रहे हैं। मैं आज मन की बात कार्यक्रम में एक ऐसे टूर्नामेंट की बात करुंगा जहां हाल ही में हमारे खिलाड़ियों ने देश का परचम लहराया है।

6. पीएम ने कहा कि कुछ ही दिनों पहले चीन में विश्व विश्वविद्यालय खेल हुए, जिनमें भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। हमारे खिलाड़ियों ने कुल 26 पदक जीते, जिनमें से गोल्ड मेडल थे। आपको ये जानकर अच्छा लगेगा कि 1959 से लेकर अब तक जितने विश्व विश्वविद्यालय खेल हुए उनमें जीते सभी मेडल्स जोड़ें तो ये संख्या 18 तक ही पहुंचती है। इतने दशकों में सिर्फ 18, जबकि इस बार हमारे खिलाड़ियों ने 26 मेडल जीत लिए।

7. पीएम ने कहा कि संस्कृति और परंपरा से जुड़ने का सशक्त माध्यम होती है, हमारी मातृभाषा। जब हम मातृभाषा से जुड़ते हैं तो हम सहज रूप से अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़ जाते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 29 अगस्त को तेलुगू दिवस मनाया जाएगा। आप सभी को तेलुगू दिवस की बहुत-बहुत बधाई।

8. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज ऐसे बहुत से लोग हैं, जो डेयरी को अपना रहे हैं। राजस्थान के कोटा में डेयरी फार्म चला रहे अमनप्रीत सिंह ने डेयरी के साथ ही बायोगैस के भी दो प्लांट लगाए हैं, जिससे उनका बिजली का खर्च 70 प्रतिशत तक कम हो गया है। आज कई डेयरी फार्म बायोगैस पर फोकस कर रहे हैं। मुझे विश्वास है कि देशभर में इस तरह के ट्रेंड्स जारी रहेंगे।’

9. पीएम ने कहा कि इस बार 15 अगस्त के दौरान देश ने सबका प्रयास का सामर्थ्य देखा। सभी देशवासियों के प्रयास से हर घर तिरंगा अभियान को हर मन तिरंगा अभियान बना दिया। इस दौरान कई रिकॉर्ड बने। देशवासियों ने करोड़ों की संख्या में तिरंगे खरीदे। डेढ़ लाख पोस्ट ऑफिस के जरिए करीब डेढ़ करोड़ तिरंगे बेचे गए। इससे हमारे कामगारों, बुनकरों और खासकर महिलाओं की सैकड़ों करोड़ रुपये की आय हुई। तिरंगे के साथ सेल्फी पोस्ट करने में भी इस बार नया रिकॉर्ड बना। पिछले साल करीब 5 करोड़ देशवासियों ने तिरंगे के साथ सेल्फी पोस्ट की थी, इस बार यह आंकड़ा 10 करोड़ को भी पार कर गया।

10. गौरतलब है कि 30 अप्रैल 2023 को पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 100 एपिसोड पूरे हुए थे। इसे यादगार बनाने के लिए पूरे देश में इसकी लाइव स्क्रीनिंग की गई थी। यहां तक कि न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भी मन की बात के 100वें एपिसोड का सीधा प्रसारण किया गया था। वहीं दिल्ली में 6530 स्थानों पर कार्यक्रम को लाइव सुना गया था।

Compiled: up18 News