औरैया: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बीते दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए 75 वर्षीय बुजुर्ग और 30 साल की इंस्टाग्राम यूट्यूबर की कथित सगाई के बहुचर्चित मामले में अब बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। 30 वर्षीया रीना राजपूत से शादी का ऐलान करने वाले 75 वर्षीय बुजुर्ग रामसुगर ने अब शादी की बात से साफ इनकार करते हुए सगाई के पूरे घटनाक्रम को महज़ एक ‘नाटक’ करार दिया है। रामसुगर का दावा है कि यह सब उन्होंने अपनी बेटी के कहने पर केवल सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए किया था और वह वास्तव में किसी से शादी नहीं करने जा रहे हैं।
फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए ब्यूटी पार्लर में रचा गया ड्रामा
औरैया जिले के सहायल क्षेत्र अंतर्गत अरियारी गाँव निवासी 75 वर्षीय रामसुगर ने एक वीडियो जारी कर पूरी कहानी का सच बयां किया है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी राधा की पहचान इंस्टाग्राम के ज़रिए रीना राजपूत से हुई थी। दोनों में दोस्ती होने के बाद साथ में रील बनाई जाने लगीं।
रामसुगर के मुताबिक, बेटी राधा और रीना के कहने पर ही उन्होंने सगाई और हल्दी की रस्मों वाला वीडियो बनवाया था, ताकि लोगों का ध्यान खींचा जा सके। उन्होंने खुलासा किया कि सगाई का यह वीडियो औरैया के एक ब्यूटी पार्लर में शूट किया गया था। सगाई का वीडियो वायरल होने के बाद रीना राजपूत के इंस्टाग्राम पर रातों-रात करीब चार हजार फॉलोअर्स बढ़ गए।
”न कोई प्रेम संबंध, न शादी का इरादा”
दोनों के बीच करीब 45 साल का बड़ा अंतर होने के कारण सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगी थीं। अब रामसुगर ने स्पष्ट किया, “रीना के साथ मेरा कोई प्रेम संबंध नहीं है और न ही हमारी कोई शादी होने वाली थी। मैं अक्सर बीमार रहता हूँ और मेरे पैर भी ठीक से काम नहीं करते। यह केवल एक स्क्रिप्टेड वीडियो था।”
आपको बता दें कि रीना राजपूत की शादी लगभग 10 साल पहले हुई थी और 3 साल बाद उनका तलाक हो गया था, जबकि रामसुगर के परिवार में दो बेटियाँ और एक बेटा है।
एसपी ने दिए जांच के आदेश, ग्रामीणों का शक सही निकला
जब 75 साल के बुजुर्ग और 30 साल की महिला की सगाई का मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना, तो स्थानीय ग्रामीणों ने भी इसे व्यूज और फॉलोअर्स बटोरने का स्टंट बताना शुरू कर दिया था। मामला तूल पकड़ने पर औरैया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक भारती ने संबंधित थाना प्रभारी को पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल, बुजुर्ग रामसुगर द्वारा किए गए इस बड़े खुलासे के बाद सोशल मीडिया के फर्जी ड्रामे की पोल खुल गई है, हालांकि इस मामले में रीना राजपूत की तरफ से आधिकारिक पक्ष आना अभी बाकी है।
