आगरा। ताजनगरी के थाना छत्ता क्षेत्र से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मां-बेटी के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। यमुना आरती स्थल के पास एक नाले में मिली मासूम बच्ची की लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए सगी मां ममता उर्फ खुशी को गिरफ्तार किया है।
पिता का आरोप है कि मां ने अपने अवैध संबंधों के रास्ते से कांटा हटाने के लिए अपनी ही दूधमुंही बच्ची की जान ले ली। इस घटना ने पूरे शहर की संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मासूम बच्ची की हत्यारी कोई और नहीं, उसकी अपनी मां ही निकली। थाना छत्ता पुलिस ने आरोपी मां ममता उर्फ खुशी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच और पिता के आरोपों ने इस मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया है। पीड़ित पिता का साफ कहना है कि अवैध संबंधों के चलते उसकी पत्नी ने अपनी ही बेटी को रास्ते से हटा दिया।
डॉक्टर के बहाने निकली और दे दी ‘मौत की गोद’
नगला धाकरान निवासी बच्ची के पिता रामू धाकड़ ने बताया कि उसकी शादी नवंबर 2023 में बिहार के हरिनगर निवासी ममता से हुई थी। शादी के करीब एक साल बाद नवंबर 2024 में बेटी खुशी का जन्म हुआ। परिवार में सब कुछ सामान्य दिख रहा था, लेकिन भीतर ही भीतर एक खतरनाक साजिश पल रही थी। रामू के मुताबिक, उसकी पत्नी अक्सर किसी युवक से फोन पर बात करती थी और कई बार बिना बताए घर से चली जाती थी। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव भी रहता था। मंगलवार सुबह रामू रोज की तरह चेन बनाने के कारखाने में काम पर चला गया। इसी दौरान करीब 11 बजे ममता अपनी बेटी खुशी को डॉक्टर को दिखाने का बहाना बनाकर घर से निकली। लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
जब काफी देर तक पत्नी और बेटी का कोई पता नहीं चला तो रामू की चिंता बढ़ गई। उसने खोजबीन की, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो पुलिस से शिकायत की। उसे क्या मालूम था कि जिस मां के साथ वह अपनी बच्ची को सुरक्षित समझ रहा था, वही मां उसे हमेशा के लिए मौत की नींद सुला चुकी है।
शाम को नाले में मिली थी लाश, रात में खुला खौफनाक राज
मंगलवार शाम करीब 7 बजे थाना छत्ता क्षेत्र के यमुना किनारा मार्ग पर स्थित यमुना आरती स्थल के पास एक नाले में मासूम बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। जहां धार्मिक आस्था का माहौल रहता है, वहीं कुछ ही दूरी पर यह दिल दहला देने वाला दृश्य मिला।
मौके के पास लड्डू गोपाल की प्रतिमा स्थापित है और उसके कुछ मीटर दूर यमुना आरती स्थल है। सड़क किनारे पानी की पाइपलाइन के साथ बनी नाली में बच्ची का शव पड़ा था। शव पानी में डूबा हुआ था, इसलिए राहगीरों को तुरंत स्पष्ट दिखाई नहीं दिया। जब लोगों की नजर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पहचान की कोशिश शुरू की। देर रात थाना छत्ता पुलिस ने फोटो के जरिए परिजनों से शिनाख्त कराई, तब जाकर सामने आया कि यह वही बच्ची है जिसे उसकी मां डॉक्टर को दिखाने के नाम पर घर से लेकर गई थी।
मां पर गहराया शक, पिता ने लगाए सनसनीखेज आरोप
जैसे ही बच्ची की पहचान हुई, पुलिस का शक सीधे मां पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। वहीं पीड़ित पिता रामू धाकड़ ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी पत्नी के किसी युवक से अवैध संबंध थे, और उसी रिश्ते में बेटी उसे बोझ या बाधा लगने लगी थी।
रामू का आरोप है कि पत्नी का घर से बार-बार गायब होना, फोन पर संदिग्ध बातचीत करना और फिर बच्ची को बहाने से साथ ले जाकर गायब होना यह सब किसी बड़े षड्यंत्र की तरफ इशारा करता है। पिता का कहना है कि अपनी मनमानी जिंदगी जीने और अवैध रिश्तों को बचाने के लिए मां ने ही अपनी बेटी की जान ले ली।
ममता की कोख से निकली, उसी ने छीन ली सांसें
इस पूरे मामले का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि जिस बच्ची ने दुनिया में कदम रखे अभी ज्यादा समय भी नहीं बीता था, उसी को उसकी मां ने कथित तौर पर मौत के हवाले कर दिया। समाज में मां को त्याग, प्रेम और सुरक्षा की मूर्ति माना जाता है, लेकिन इस घटना ने इस विश्वास को गहरी चोट पहुंचाई है। यह सिर्फ हत्या नहीं, बल्कि ममता, भरोसे और इंसानियत की निर्मम हत्या है।
शरीर पर चोट के निशान नहीं, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि बच्ची के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। बच्ची ने टी-शर्ट और लोअर पहना हुआ था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही साफ हो सकेगा कि बच्ची की मौत गला दबाने, दम घुटने, पानी में डुबोने या किसी अन्य तरीके से हुई। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी मां ने यह वारदात अकेले की या किसी और ने भी उसकी मदद की।
पुलिस पूछताछ में खुल सकते हैं कई और राज
थाना प्रभारी छत्ता के मुताबिक, आरोपी मां से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब उसके मोबाइल कॉल डिटेल्स, लोकेशन, संदिग्ध संपर्कों और दिनभर की गतिविधियों की जांच कर रही है। यदि पिता के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला केवल हत्या तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें षड्यंत्र, साक्ष्य मिटाने और संभव सहयोगियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

