आगरा: बेतरतीब तार और बेकाबू ट्रैफिक! कैसे निकलेगी राम बारात, पैदल चल विधायक ने देखा शोभायात्रा मार्ग का हाल

स्थानीय समाचार

शोभायात्रा में पैदल चल विधायक ने प्रशासन को बताईं समस्याएं

आगरा: जिला प्रशासन के तमाम निर्देशों के बावजूद नगर के लक्खी मेले राम बारात के मार्ग को दुरुस्त करने के काम अभी तक अधूरे हैं। रामलीला महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को गणेशजी की सवारी के रूप में अपने परम्परागत रूट पर भ्रमण किया तो मार्ग में कई परेशानियों का सामना करना पड़ा।

शोभायात्राओं के प्रारम्भ स्थल से लेकर पूरे मार्ग में तारों के जाल से झांकी को निकालने के परेशानी आई। बड़ा सवाल यह है कि राम बारात की बड़ी झांकियाँ इन हालात में कैसे निकल पाएंगी।

सोमवार को शोभायात्रा के दौरान पुलिस व्यवस्था भी बेहद लचर नजर आई। कई बार यातायात जाम की व्यवस्था बनी।

पूरी शोभायात्रा में पैदल चले विधायक

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल सोमवार को गणेशजी को शोभायात्रा में पूरे मार्ग पर पैदल चलते रहे। इस दौरान उनकी नजरें शोभायात्रा मार्ग की प्रशासनिक कमियों पर रहीं। कहां बिजली, केबल टीवी आदि के तार बाधा बन रहे हैं, यातायात में क्या समस्या आ रही हैं। वह पूरे मार्ग में इन्हें नोट करते रहे और रात में ही उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को इस बारे में अवगत करा दिया। देखना होगा कि प्रशासन कितनी जल्दी शोभायात्रा मार्ग की समस्याओं को दूर करवा पाता है।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के प्रयासों से रामलीला मैदान दुरुस्त होना शुरू हो गया है। मैदान में बुधवार 14 सितम्बर से मंचीय लीला का शुभारंभ होना है। रामलीला मैदान के सहारे फुटपाथ पर झुग्गी-झोपड़ी वालों का कब्जा है। जिला प्रशासन ने उन्हें भी अन्यंत्र शिफ्ट करने की कवायद शुरू कर दी है।

संकलन- up18news