एटा: “हिम्मत की असली पहचान मुश्किल हालात में ही होती है” इस कहावत को एक महिला ने सच कर दिखाया है। सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई महिला के जज्बे और अदम्य साहस को सलाम कर रहा है। दो शातिर बदमाशों के सामने अकेले होने के बावजूद महिला ने जिस तरह मुकाबला किया, उसने अपराधियों के पसीने छुड़ा दिए। वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश के एटा जिले का बताया जा रहा है ।
नाली में गिरने के बाद भी नहीं तोड़ा हौसला
इंटरनेट पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला अकेले सड़क से अपने घर की ओर पैदल जा रही होती है। इसी दौरान बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश उसके करीब आते हैं और झपट्टा मारकर उसका बैग छीनने का प्रयास करते हैं।
बदमाशों के अचानक हुए इस हमले में महिला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली में गिर जाती है। अमूमन ऐसी स्थिति में लोग घबरा जाते हैं, लेकिन इस महिला ने हार नहीं मानी। नाली में गिरने के बावजूद उसने अपने बैग पर पकड़ ढीली नहीं होने दी।
लगातार झटके देने के बाद भी बदमाशों को भागना पड़ा
बदमाश महिला को जमीन पर घसीटते हुए बैग छीनने के लिए लगातार झटके देते रहे, लेकिन महिला शेरनी की तरह उनसे भिड़ गई। कुछ देर तक बीच सड़क पर बदमाशों और अकेली महिला के बीच जमकर छीना-झपटी और खींचतान चलती रही। आखिरकार, महिला की जिद और चट्टानी हौसले के आगे लुटेरों को घुटने टेकने पड़े। खाली हाथ रहने और पकड़े जाने के डर से बदमाश अपनी बाइक लेकर मौके से रफूचक्कर हो गए।
घटना के बाद महिला बिना किसी खौफ या घबराहट के खुद उठती है, अपने कपड़े साफ करती है और मजबूती से कदम बढ़ाते हुए घर की ओर चल देती है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, लोगों ने उठाए सवाल
यह वीडियो ‘एक्स’ (ट्विटर) पर @arvindchotia नाम के यूजर द्वारा शेयर किए जाने के बाद से चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां एक ओर नेटिजन्स महिला को “रियल लाइफ की शेरनी” कहकर उसकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं, वहीं इस वीडियो ने एक नई बहस को भी जन्म दे दिया है ।
कई यूजर्स ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जताई है कि जो व्यक्ति वहां रहकर वीडियो बना रहा था, वह महिला की मदद के लिए आगे क्यों नहीं आया? कुछ लोगों ने इस घटना के बहाने स्थानीय प्रशासन और कानून व्यवस्था पर भी चिंता जताई है कि दिनदहाड़े महिलाओं के साथ इस तरह की वारदातें सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती हैं।


