आगरा। जिले के फतेहाबाद क्षेत्र में रविवार की रात एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बाह रोड बाईपास पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे गहरी नींद में सो रहे घुमंतू समाज के परिवार पर मौत बनकर कहर बरपाया। इस हादसे में 11 वर्षीय मासूम सेनूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रात की खामोशी देखते ही देखते चीख-पुकार में बदल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11:30 बजे घुमंतू समाज के कुछ लोग अपनी मोटरसाइकिल की टिर्री के पास एक दुकान के बाहर सो रहे थे। तभी आगरा से बाह की दिशा में जा रहा एक अनियंत्रित ट्रेलर वहां पहुंचा। चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण ट्रेलर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ गया।
हादसे की भयावहता का आलम यह था कि लोगों को कुचलने के बाद भी ट्रेलर नहीं रुका। वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया और अंत में रेत के ढेर में जाकर रुका। टक्कर इतनी भीषण थी कि आवाज सुनकर आसपास के लोग बदहवास होकर घरों से बाहर निकल आए।
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को मलबे और ट्रेलर के नीचे से निकालकर एंबुलेंस के जरिए फतेहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें आगरा के अस्पताल रेफर कर दिया गया।
आगरा में इलाज के दौरान इटावा जिले के बाबरपुर अजीतमल निवासी 11 वर्षीय सेनूर ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, अन्य घायल फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही फतेहाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है और हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। यह घटना एक बार फिर सड़क पर लापरवाह ड्राइविंग और तेज रफ्तार के जानलेवा परिणामों की याद दिला गई है।


