दिल्ली में भारी राजनीतिक ड्रामा: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन करने पहुंचे अरविंद केजरीवाल समेत AAP नेता हिरासत में

National

नई दिल्ली। देश की राजधानी नई दिल्ली में शनिवार को उस वक्त राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया, जब मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने जा रहे आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने अरविंद केजरीवाल के साथ-साथ आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह, दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज और विधायक दुर्गेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेताओं को एहतियातन हिरासत में लेकर गाड़ियों में भर दिया।

​‘केंद्र सरकार के इशारे पर हो रहा दमन’ — AAP विधायक कुलदीप कुमार

आप विधायक कुलदीप कुमार ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और सांसद संजय सिंह को मोदी सरकार के आदेश पर हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने पहुंच रही थी, तभी पुलिस ने नेताओं को हिरासत में ले लिया। कुलदीप कुमार ने कहा, ”याद रखना, मोदी जी, ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

​‘डेढ़ घंटे से बस में घुमा रही पुलिस, ठिकाना तक नहीं मालूम’

आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस हिरासत में लिए गए नेताओं को लेकर पिछले डेढ़ घंटे से बस में इधर-उधर घुमा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस को यह पता नहीं है कि नेताओं को कहां ले जाना है या फिर वह अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के किसी थाने में ले जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है।

संजय सिंह ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

वहीं, आप सांसद संजय सिंह ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ घंटे से दिल्ली पुलिस नेताओं को एक जगह से दूसरी जगह घुमा रही है और उसे यह तक नहीं पता कि अरविंद केजरीवाल को किस थाने में ले जाना है। संजय सिंह ने इसे गजब का मजाक बताया। पार्टी नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। इस पूरे घटनाक्रम के बाद राष्ट्रीय राजधानी में राजनीतिक हलचल और तनाव काफी बढ़ गया है।