हरदोई में दिल दहलाने वाली घटना: नशे में धुत्त बड़े भाई ने बाइक जलाई, तो छोटे भाई ने खुद पर पेट्रोल छिड़क कर दी जान

Crime

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत नरोईया गांव में एक छोटी सी बहस ने बेहद खौफनाक रूप ले लिया। बाइक देने से मना करने पर हुए विवाद के बाद, 18 वर्षीय निखिल ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी गंगाराम की दुकान पर उनके बड़े बेटे शेरू (30) और छोटे बेटे निखिल (18) काम संभालते थे। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे शेरू नशे की हालत में दुकान पर पहुंचा और अपनी बाइक लेकर पुवायां जाने की जिद करने लगा। पिता के पूर्व निर्देशों का हवाला देते हुए निखिल ने उसे नशे की हालत में बाइक देने से साफ मना कर दिया।

विवाद का खौफनाक अंत

दोनों भाइयों में हुई बहस ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आकर शेरू ने दुकान पर रखी पेट्रोल की बोतल उठाई और अपनी ही बाइक पर उड़ेल कर आग लगा दी। बाइक को धू-धू कर जलता देख निखिल उसे बुझाने के लिए दौड़ पड़ा, लेकिन शेरू ने उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान हुई हाथापाई और मानसिक तनाव के बीच निखिल ने दुकान से पेट्रोल की दो बोतलें उठाईं और खुद पर उड़ेल लीं। इसके बाद वह जलती हुई बाइक के समीप जा खड़ा हुआ, जिससे आग की लपटों ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

परिजनों और पुलिस की कार्रवाई

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और आनन-फानन में झुलसे निखिल को अतरौली सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय पिता गंगाराम पूर्णागिरी की तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह मय पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।