आगरा में सजेगा ‘हरि’ का दरबार: श्रीमनःकामेश्वर मठ के श्रीमद्भागवत यज्ञ का भूमि पूजन संपन्न, 17 मई से यमुना किनारे बहेगा भक्ति का सागर

विविध

आगरा: ताजनगरी में ‘पुरुषोत्तम मास’ के पावन उपलक्ष्य में एक भव्य आध्यात्मिक समागम की तैयारी पूरी हो चुकी है। यमुना किनारा स्थित ताज व्यू गार्डन फेस-1 में श्रीमनःकामेश्वर मंदिर मठ द्वारा आयोजित होने वाले ‘श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ’ के लिए रविवार को विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ कथा स्थल को पावन किया गया, जहाँ आगामी 17 मई से हजारों श्रद्धालु भक्ति के सागर में गोते लगाएंगे।

महंत योगेश पुरी के सानिध्य में भूमि पूजन

कार्यक्रम की शुरुआत श्रीमनःकामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी एवं मठ प्रशासक हरिहर पुरी द्वारा गौ-पूजन और हवन के साथ की गई। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने इस पावन कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल सनातन परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को संस्कारों से भी जोड़ते हैं।

​द्वादश ज्योतिर्लिंग और 24 अवतारों के होंगे दर्शन

मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि इस बार यमुना किनारे ‘महाकुंभ’ जैसा दृश्य नजर आएगा। लगभग 200 गज क्षेत्र में पूर्णतः वातानुकूलित भव्य पंडाल बनाया जा रहा है। आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण द्वादश ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां होंगी, जिन्हें उनके वास्तविक स्वरूप में स्थापित किया जाएगा। साथ ही, कथा मंच पर भगवान विष्णु के 24 अवतारों के दिव्य दर्शन श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

​17 मई को कलश यात्रा, 18 से कथा का अमृत

​कलश यात्रा: 17 मई को सुबह 7 बजे मनःकामेश्वर मठ से भव्य कलश यात्रा निकलेगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल पहुँचेगी।

कथा समय: 18 से 24 मई तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रभु इच्छा तक महंत योगेश पुरी श्रीमद्भागवत कथा का अमृत पान कराएंगे।

​भोजन व आवास: परिसर में श्रद्धालुओं के लिए भोजनालय और अतिथि गृह की विशेष व्यवस्था की गई है।

बच्चों के लिए ‘संस्कार शिविर’

भक्ति के साथ-साथ नई पीढ़ी के निर्माण के लिए 7 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर भी आयोजित होगा। प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक चलने वाले इस शिविर में बच्चों को वैदिक ज्ञान, योग, मार्शल आर्ट और पर्यावरण संरक्षण की शिक्षा दी जाएगी। विशेष आकर्षण के रूप में एक 7 वर्षीय बालक बच्चों को गीता के श्लोकों का अभ्यास कराएगा।

​भूमि पूजन के इस पुनीत अवसर पर पार्षद रवि माथुर, अनुज शर्मा, राकेश जैन, अनुराग चतुर्वेदी, एडवोकेट संजय कप्तान सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।