विश्व गुरु होते तो रुकवा देते युद्ध….ईरान-इजरायल तनाव पर अखिलेश की चुटकी, विदेश नीति को बताया फेल

Politics

नई दिल्ली/लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को एक न्यूज़ चैनल के कार्यक्रम में केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने एलपीजी सिलेंडर की किल्लत, अंतरराष्ट्रीय युद्ध और देश की विदेश नीति जैसे मुद्दों पर सरकार को आड़े हाथों लिया।

LPG मतलब ‘लापता गैस’: सिलेंडर के वजन पर घेरा

अखिलेश यादव ने हाल ही में एलपीजी सिलेंडर के वजन को लेकर उड़ रही खबरों पर तंज कसते हुए कहा, “भाजपा के लोग लाल टोपी और लाल सिलेंडर, दोनों से घबराते हैं। आज एलपीजी आम आदमी के लिए ‘लापता गैस’ बन गई है। पहले इन्होंने खाद की बोरी से वजन चोरी किया और अब 14 किलो का सिलेंडर 10 किलो का करने की तैयारी है। कहीं ऐसा न हो कि आने वाले समय में ये सरकार जनता से कह दे कि अपनी रोटी का साइज भी छोटा कर लो।”

ईरान-इजरायल युद्ध और ‘विश्व गुरु’ का सपना

​पश्चिम एशिया में जारी तनाव पर प्रधानमंत्री मोदी पर चुटकी लेते हुए अखिलेश ने कहा कि भारत को ‘विश्व गुरु’ बनने का सपना तो दिखाया गया, लेकिन हकीकत कुछ और है। उन्होंने कहा, “अगर हम वाकई विश्व गुरु होते तो यह युद्ध रुकवा देते। पीएम मोदी इजरायल से लौटे तो युद्ध शुरू हो गया, अगर वे लौटते वक्त ईरान में रुक गए होते तो शायद युद्ध ही नहीं होता।” उन्होंने भारत की विदेश नीति को ‘फेल’ बताते हुए आरोप लगाया कि देश की नीतियां अब विदेशों से तय हो रही हैं।

​वाराणसी की कानून व्यवस्था पर सवाल

अखिलेश यादव ने पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी का जिक्र करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जिस शहर को क्योटो बनाने का वादा किया गया था, वहां सरेआम छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर मारा जा रहा है। आप न्याय नहीं दे पा रहे हैं और विपक्ष से उम्मीद करते हैं कि वह चुप रहे।”

विपक्ष को फंसाने की राजनीति

पीएम मोदी के ‘युद्ध में अवसर खोजने’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार विपक्ष को झूठे मुकदमों और केंद्रीय संस्थाओं (ED/CBI) के जरिए डराने का काम कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर सरकार कोई बेहतर फैसला लेती है तो हम साथ हैं, लेकिन ‘झूठे विश्व गुरु’ के दावे और किसानों के मुद्दों पर कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।