ज्ञानवापी सर्वे: ASI ने खुलवाया व्यास तहखाने का ताला, पैमाइश की

National

ज्ञानवापी के तीनों गुंबदों और परिसर का सर्वे भी किया। ASI ने व्यास तहखाने में पैमाइश की। दीवारों की 3-डी फोटोग्राफी, स्कैनिंग करवाई। चार्ट में दीवारों पर मिली कलाकृतियों के प्वाइंट्स नोट किए।

कानपुर आईआईटी के दो GPR एक्सपर्ट भी सर्वे टीम के साथ अंदर गए हैं। बताया जा रहा है कि एक-दो दिन में GPR मशीन से सर्वे शुरू हो सकता है।

12.30 बजे लंच और नमाज के लिए ब्रेक लिया। 2.30 बजे से दोबारा कार्यवाही शुरू हो गई है। शाम 5 बजे तक सर्वे जारी रह सकता है। मुस्लिम पक्ष ने जल्द ही मुख्य तहखाने की चाबी देने की बात कही है।

मुस्लिम पक्ष बोला, ASI टीम पर दबाव बना रहा हिंदू पक्ष

अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव एसएम यासीन ने दैनिक भास्कर से फोन पर बात की। एमएस यासीन ने कहा, “ASI टीम पर दबाव बनाने के लिए हिंदू पक्ष के वादी बयानबाजी कर रहे हैं। प्रशासन को हिंदू पक्ष के वादियों की बयानबाजी पर नजर रखनी चाहिए। हिंदू पक्ष के वादियों के बयानों पर रोक न लगी तो कानूनी प्रकिया का सहारा लेंगे।”

2 सितंबर तक कोर्ट में सबमिट करनी होगी रिपोर्ट

पूरी ज्ञानवापी बिल्डिंग को एक बार में देखने के लिए सैटेलाइट के जरिए 3D इमैजिनेशन तैयार किया जा रहा है। इसमें टीम दीवारों की 3D इमेजिंग, मैपिंग और स्क्रीनिंग भी करेगी। रविवार को ASI से 58 लोग, हिंदू पक्ष से 8 लोग और मुस्लिम पक्ष से 3 लोग मौजूद हैं। वहीं, जिला कोर्ट में शनिवार को सुनवाई हुई। अजय कुमार विश्वेश की अदालत ने आदेश दिया कि ASI को अपनी सर्वे रिपोर्ट 2 सितंबर तक सबमिट करनी होगी।

हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा, जांच लंबी चलेगी

हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा, “शनिवार को पश्चिमी दीवार का अध्ययन किया। मैंने केंद्रीय गुंबद के नीचे एक खोखली जगह से आवाज आने को पॉइंट आउट किया। इसका सर्वे किया जा रहा है। केंद्रीय गुंबद के बगल का एक क्षेत्र जो ढका है, उसका सर्वे किया जा रहा है। यह लंबा चलेगा।” जैन ने कहा था कि रविवार को व्यासजी का तहखाना खोला जाएगा। तहखाना साफ कर दिया गया है।
वहीं, हिंदू पक्ष की महिलाओं ने कहा कि हम मस्जिद के अंदर नहीं जा रहे क्योंकि महिलाएं मस्जिद में नहीं जाती हैं। हमें उम्मीद है कि इस सर्वे से बहुत कुछ साफ हो जाएगा। यहां बहुत कुछ ऐसे चिह्न, मूर्ति हैं जो बता रहे कि यहां हिंदू मंदिर था।

Compiled: up18 News