अच्छी खबर: 2026 के राष्ट्रमंडल खेलों में शूटिंग को किया गया शामिल

SPORTS

राष्ट्रमंडल खेल महासंघ ने बुधवार को खेलों की सूची जारी की और इसमें अब भी कुश्ती या तीरंदाजी शामिल नहीं है। कुश्ती में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। इस साल भारत के 12 पहलवान प्रतियोगिता में शामिल हुए थे और सभी ने पदक जीते थे। इन दो खेलों का प्रतियोगिता में शामिल न होना भारत के लिए बड़ा झटका है।

राष्ट्रमंडल खेल 2026 विक्टोरिया में 17 से 29 मार्च 2026 के बीच आयोजित होंगे। सभी खेल प्रतियोगिताएं यहां के चार शहर बल्लारेट, बेंडिगो, जिलॉन्ग और गिप्सलैंड में आयोजित होंगी। राष्ट्रमंडल खेल महासंघ की तरफ से आधिकारिक बयान में कहा गया “विक्टोरिया 2026 गोल्फ, कोस्टल रोइंग और रोड (साइक्लिंग) दौड़ में पैरा-स्पोर्ट विषयों को जोड़ने का भी प्रस्ताव कर रहा है और राष्ट्रमंडल खेल महासंघ और प्रासंगिक अंतरराष्ट्रीय खेल संघों के साथ काम करेगा ताकि यह निर्धारित किया जा सके कि क्या यह संभव है।”

गोल्फ, 3×3 बास्केटबॉल, 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल, कोस्टल रोइंग, शूटिंग, पैरा-शूटिंग, बीएमएक्स रेसिंग, माउंटेन बाइक क्रॉस कंट्री, ट्रैक साइक्लिंग और पैरा-ट्रैक साइकलिंग इस प्रतियोगिता में शामिल हैं। वहीं, कोस्टल रोइंग, गोल्फ और बीएमएक्स राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार शामिल किए गए हैं।

कॉमनवेल्थ गेम्स ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष बेन ह्यूस्टन ने कहा, “राष्ट्रमंडल खेल को नए और रोमांचक युग में ले जाने के लिए विक्टोरिया नए खेलों को शामिल करने से खुश है। यह अगले चार वर्षों में अपने सपने को साकार करने के लिए एथलीटों को प्रेरित करने के लिए तैयार है। सीजीए उन एथलीटों का स्वागत करने के लिए बेताब है, जो 2026 में ऑस्ट्रेलिया में शामिल होंगे।”

राष्ट्रमंडल खेल संघ के अध्यक्ष डेम लुईस मार्टिन ने घोषणा की और राष्ट्रमंडल खेलों में नए खेलों को शामिल किया जाएगा। मार्टिन ने कहा “हम 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए खेल कार्यक्रम की पुष्टि करने के लिए रोमांचित हैं, विक्टोरिया 2026 द्वारा प्रस्तावित अतिरिक्त खेल एक रोमांचक और विविध लाइन-अप को पूरा करते हैं।”

राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शामिल खेल

एथलेटिक्स और पैरा-एथलेटिक्स, बैडमिंटन, 3×3 बास्केटबॉल, 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, बीच वॉलीबॉल, कोस्टल रोइंग, क्रिकेट टी20 (महिला), साइकिलिंग (बीएमएक्स, माउंटेन बाइक, रोड, ट्रैक और पैरा-ट्रैक), डाइविंग, गोल्फ, जिम्नास्टिक (कलात्मक), हॉकी, लॉन बाउल और पैरा-लॉन बाउल, नेटबॉल, पैरा-पावरलिफ्टिंग, रग्बी 7s, शूटिंग और पैरा-शूटिंग, स्क्वैश, तैराकी और पैरा-तैराकी, टेबल टेनिस और पैरा-टेबल टेनिस, ट्रायथलॉन और पैरा-ट्रायथलॉन और भारोत्तोलन।

-एजेंसी