आगरा: ताजनगरी इन दिनों पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगी हुई है। चैत्र नवरात्रि और श्री हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शहर के कोने-कोने में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। जहाँ कमला नगर में राम कथा के जरिए संस्कारों की गंगा बहेगी, वहीं प्रजापति समाज द्वारा निकाली जाने वाली ऐतिहासिक शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र बनेगी।
कावेरी मंदिर: 25 मार्च से शुरू होगी नौ दिवसीय ‘श्री राम कथा’
कमला नगर स्थित कावेरी कुंज के कावेरी मंदिर में 25 मार्च से भव्य श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने इसके आमंत्रण पत्र का विमोचन किया।
ये रहेगा कार्यक्रम
25 मार्च को सायं 4 बजे भव्य कलश यात्रा निकलेगी। 26 मार्च से प्रतिदिन दोपहर 3 से 6 बजे तक अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास पंडित श्री भगवान भैया कथा का रसपान कराएंगे। 2 अप्रैल को हवन, भंडारे और छप्पन भोग के साथ समापन होगा।
ऐतिहासिक शोभायात्रा: 75 झांकियों संग नगर भ्रमण पर निकलेंगी मां भगवती
प्रजापति समाज द्वारा चैत्र महाष्टमी के अवसर पर 26 मार्च को दक्ष कन्या मां भगवती की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा में 75 से अधिक झांकियां होंगी, जिनमें देवी-देवताओं के साथ-साथ ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘स्वच्छ आगरा’ जैसे सामाजिक संदेश भी दिए जाएंगे।
शोभायात्रा दोपहर 2 बजे नागबंद चौराहा से शुरू होकर यह यात्रा पंचकुईयां, लोहामंडी, हरीपर्वत और राजामंडी सहित प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। शहर में 80 से अधिक स्थानों पर पुष्पवर्षा और भंडारों के साथ भव्य स्वागत की तैयारी है।
गणगौर महोत्सव: राजसी ठाठ-बाट के साथ मना शिव-पार्वती विवाह
श्रीराम सेवा समिति द्वारा वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में 10वां शपथ ग्रहण एवं गणगौर महोत्सव आयोजित किया गया।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान और लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
राजसी वेशभूषा में सजे शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण की झांकियों के साथ फूलों की होली खेली गई। महिलाओं को ‘सोलह श्रृंगार’ किट वितरित कर भारतीय परंपराओं का महत्व समझाया गया।
प्रदीप गुप्ता (अध्यक्ष) और देवेश अग्रवाल (महामंत्री) सहित नई कार्यकारिणी ने समाज सेवा की शपथ ली।

