जी20 सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। पहले दिन के सम्मेलन के सफल आयोजन के बाद कई लोगों ने भारत को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। IMF की पहली उप-प्रबंध निदेशक गीता गोपीनाथ ने भी भारत में हो रहे जी20 सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए पीएम मोदी की तारीफ की और कहा कि भारत का संदेश जी20 सम्मेलन के सभी प्रतिनिधियों के बीच जोरदार ढंग से गूंजा।
गीता गोपीनाथ ने पीएम मोदी की तारीफ की
गीता गोपीनाथ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘सफल जी20 सम्मेलन की अध्यक्षता करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई। भारत का एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य का संदेश सम्मेलन के सभी प्रतिनिधियों को पसंद आया।’ इसके साथ ही गीता गोपीनाथ ने रात्रिभोज कार्यक्रम के दौरान की अपनी पीएम मोदी के साथ वाली तस्वीर भी साझा की। इस पोस्ट पर जवाब देते हुए पीएम मोदी ने भी गीता गोपीनाथ को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने लिखा कि ‘जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करना सम्मान की बात है। हमारे प्रयास एकता और प्रगति की सामूहिक भावना का प्रमाण हैं।’
पीएम मोदी को सौंपे गए पौधे
जी20 के एक प्रतीकात्मक समारोह के दौरान जी20 की पिछले साल अध्यक्षता करने वाले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने पीएम मोदी एक पौधा सौंपा। इसके बाद जी20 की अगले साल अध्यक्षता करने वाले ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा ने भी पीएम मोदी को पौधा भेंट किया। भारत द्वारा आज के जी20 शिखर सम्मेलन में ब्राजील को अध्यक्षता सौंपने के साथ ही आज दोपहर सम्मेलन समाप्त हो जाएगा।
Compiled: up18 News

