ऑस्ट्रेलियाई पूर्व क्रिकेटर शेन वार्न का 52 साल की उम्र में हार्ट अटैक से हुआ निधन

SPORTS

दुनिया के महान स्पिनरों में शुमार ऑस्ट्रेलिया टीम के खिलाड़ी रहे शेन वॉर्न का निधन हो गया है। शेन वार्न ने शुक्रवार को 52 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। वॉर्न थाईलैंड के कोह सामुई में थे। मिली जानकारी के मुताबिक शेन वार्न की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है। शेन वार्न के निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है।

वॉर्न की मैनेजमेंट टीम की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, कोह सामुई के एक विला में शेन बेहोश पाए गए थे। बाद में उन्हें बचाया नहीं जा सका। वॉर्न की उम्र केवल 52 साल की थी ऐसे में उनके निधन से हर कोई हैरान है। वे हर मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखने के लिए जाने जाते थे। वॉर्न की गिनती विश्व के उन क्रिकेटर्स में होती रही है जिन्होंने न केवल क्रिकेट को खेला बल्कि उसे जिया।

शेन वार्न ने भारत के खिलाफ 1992 में सिडनी टेस्ट से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। स्पिन के जादूगर के तौर पर खुद की पहचान बनाने वाले शेन वार्न को हमेशा ऑस्ट्रेलिया टीम का कप्तान न बनाए जाने का मलाल रहा। हालांकि उन्होंने आईपीएल की पहले ही सीजन में सबसे कमजोर टीम मानी जा रही राजस्थान रॉयल्स को खिताब जिताकर खुद को साबित भी किया।